Loading...

हमीरपुर में ब्यास नदी से 26 वर्षीय युवक का शव बरामद, तीन दिन पहले नदी में डूबने की आशंका

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 49 Mins Ago • 1 Min Read

हमीरपुर जिले के भलेठ क्षेत्र में ब्यास नदी से एक 26 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक तीन दिन पहले अपने साथियों के साथ नदी में नहाने गया था, जहां पानी के तेज बहाव में उसके डूबने की आशंका जताई जा रही है।

हमीरपुर

ब्यास पुल के नीचे मिला युवक का शव

हमीरपुर जिले की दाड़ला पंचायत के भलेठ क्षेत्र में भलेठ और सीहोरबल्ला गांवों को जोड़ने वाले ब्यास पुल के नीचे एक युवक का शव बरामद हुआ है। स्थानीय लोगों ने नदी के बीच शव फंसा हुआ देखा, जिसके बाद इसकी सूचना सुजानपुर पुलिस थाना को दी गई।सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकाला गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान 26 वर्षीय प्रवासी युवक के रूप में हुई, जो सुजानपुर के डोली क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करता था।

तीन दिन पहले नदी में नहाने गया था युवक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक शनिवार को अपने कुछ साथियों के साथ ब्यास नदी में नहाने गया था। इसी दौरान पानी के तेज बहाव में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में बह गया। बताया जा रहा है कि युवक के साथी कुछ समय तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चलने पर वहां से चले गए।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के बाद साथियों द्वारा स्थानीय पुलिस या प्रशासन को तत्काल सूचना नहीं दी गई। पुलिस अब युवक के साथ मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और युवक की मौत के कारणों की जांच जारी है।पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से नदी और जल स्रोतों के आसपास सावधानी बरतने की भी अपील की है।

Related Topics: