पच्छाद के भूर्शिंग महादेव मंदिर में 7 जून से होगा श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ आयोजन
पच्छाद उपमंडल स्थित भूर्शिंग महादेव मंदिर में 7 जून से श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में आचार्य चंद्रशेखर चंडी वाले श्रद्धालुओं को कथा प्रवचन सुनाएंगे और प्रतिदिन भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
पच्छाद
7 जून से शुरू होगा श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ
जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल स्थित भूर्शिंग महादेव मंदिर में 7 जून से श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन मोहाना निवासी एवं सर्वोच्च न्यायालय दिल्ली के वरिष्ठ अधिवक्ता जेएस अत्री तथा उनके पुत्र अधिवक्ता विवेक अत्री द्वारा अपने परिजनों के सहयोग से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और प्रदेश के जनकल्याण की भावना के साथ करवाया जा रहा है। कार्यक्रम 14 जून तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
आचार्य चंद्रशेखर चंडी वाले करेंगे कथा प्रवचन
मंदिर समिति के अनुसार कथावाचक आचार्य व्यास चंद्रशेखर चंडी वाले 7 जून से 14 जून तक श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करवाएंगे। आयोजन के पहले दिन 7 जून को प्रातः 10 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक कथा प्रवचन होगा। वहीं शाम 4 बजे से देर शाम तक श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद वितरित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत शाम 7:30 बजे से 9 बजे तक संध्या कीर्तन भी आयोजित किया जाएगा।
प्रतिदिन होगा पाठ, पूजन और भजन-कीर्तन
मंदिर समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 8 जून से 13 जून तक प्रतिदिन सुबह मूल पाठ और पूजन होगा। सुबह 11 बजे तक माल पाठक एवं पूजन की प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद 11 बजे से 12:30 बजे तक भजन-कीर्तन आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे से 4 बजे तक कथा प्रवचन चलेगा और 4 बजे से देर शाम तक श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद वितरित किया जाएगा।
14 जून को होगी पूर्णाहुति और हवन
कार्यक्रम के अंतिम दिन 14 जून को सुबह 10 बजे हवन यज्ञ एवं पूर्णाहुति का आयोजन होगा। इसके बाद 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कथा प्रवचन आयोजित किया जाएगा। दोपहर 1 बजे से देर शाम तक श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन रहेगा। भूर्शिंग महादेव मंदिर समिति ने क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं से कथा आयोजन में भाग लेने की अपील की है।