Loading...

डीजल-पेट्रोल पर 60 पैसे की बढ़ोतरी को लेकर बिंदल का हमला, बोले—जनता पर बढ़ रहा टैक्स का बोझ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

डीजल और पेट्रोल की कीमतों में 60 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार विभिन्न करों और शुल्कों में बढ़ोतरी कर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। बिंदल के अनुसार ईंधन की कीमतों में हुई इस वृद्धि का असर केवल वाहन चालकों पर ही नहीं, बल्कि परिवहन, माल ढुलाई, कृषि-बागवानी और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की लागत पर भी पड़ेगा।

राजगढ़

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद डीजल पर सात रुपये वैट लगाया गया था, जिससे प्रदेश में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई। उन्होंने कहा कि अब पेट्रोल और डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर की नई वृद्धि से आम लोगों की परेशानी और बढ़ेगी। उनका कहना है कि ईंधन महंगा होने का प्रभाव बस और टैक्सी किराये से लेकर माल ढुलाई तक पड़ता है और इससे कृषि एवं बागवानी क्षेत्र की लागत भी प्रभावित होती है।

बिजली, राशन और परिवहन को लेकर भी लगाए आरोप

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिजली की दरों और विभिन्न शुल्कों में बढ़ोतरी के साथ उपभोक्ताओं को मिलने वाली सब्सिडी प्रभावित की जा रही है। उन्होंने राशन की सब्सिडी में कटौती, स्टांप ड्यूटी में 500 प्रतिशत तक बढ़ोतरी, एचआरटीसी किराये में वृद्धि और परिवहन क्षेत्र की सब्सिडी समाप्त करने को लेकर भी सरकार को घेरा। बिंदल का आरोप है कि इन फैसलों के कारण प्रदेश के लोगों पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

कर्ज को लेकर भी सरकार पर साधा निशाना

डॉ. बिंदल ने कहा कि करीब 45 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने के बावजूद सरकार जनता को राहत देने के बजाय टैक्स बढ़ा रही है। उन्होंने कांग्रेस सरकार को तालाबंदी और विकास विरोधी सरकार करार देते हुए कहा कि जनता उसकी नीतियों का आने वाले समय में जवाब देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाती रहेगी और सरकार की नीतियों से आम लोगों पर पड़ने वाले आर्थिक प्रभाव को जनता के बीच रखेगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर पालियो पंचायत की प्रधान जागो देवी, उपप्रधान नवीन चौधरी, बर्मा पापड़ी के प्रधान बलदेव सिंह, उपप्रधान सोमनाथ ठाकुर, कांग्रेस नेता बनारसी दास, बिंदर, बलदेव, हेमराज, डॉ. सुरेश ठाकुर, अमरनाथ, मोहन, कृषि विकास अधिकारी चेतन गुप्ता, सहायक कृषि विकास अधिकारी तेजवीर, विषय वस्तु विशेषज्ञ हरभजन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।