Loading...

Politics / भाजपा ने विनय कुमार के धनबल के आरोपों को बताया हार की बौखलाहट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Politics : भाजपा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार द्वारा पंचायत समिति चुनाव में धनबल के प्रयोग को लेकर लगाए गए आरोपों पर पलटवार किया है। पार्टी ने इन आरोपों को संगड़ाह और रेणुकाजी क्षेत्र के चुनाव परिणामों के बाद की प्रतिक्रिया बताया। भाजपा ने कहा कि जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से अपना जनादेश दिया है।

राजगढ़/नाहन

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार द्वारा अपने गृह क्षेत्र की पंचायत समिति चुनाव में धनबल के प्रयोग संबंधी लगाए गए आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा ने इन आरोपों को पंचायत समिति संगड़ाह तथा रेणुकाजी के जिला परिषद चुनाव में मिली हार की बौखलाहट करार दिया है।भाजपा के जिला प्रवक्ता एवं पंचायत समिति संगड़ाह के पूर्व अध्यक्ष मेलाराम शर्मा ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अपने ही गृह क्षेत्र की पंचायत समिति संगड़ाह और रेणुकाजी के तीनों जिला परिषद वार्डों में मिली हार को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि अब धनबल जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं।

मेलाराम शर्मा ने आरोप लगाया कि पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के दौरान सत्ता पक्ष ने सरकारी तंत्र और धनबल का दुरुपयोग किया। उन्होंने दावा किया कि पंचायत समिति सदस्यों को कई दिनों तक अज्ञात स्थान पर रखा गया, इसके बावजूद कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस अब अपनी हार का ठीकरा विपक्ष पर फोड़ने का प्रयास कर रही है, जबकि जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से अपना जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि संगड़ाह में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता और उपमंडलीय अधिकारी कार्यालय तथा हरिपुरधार सिविल अस्पताल बंद किए जाने से जनता में पहले से ही नाराजगी है।उन्होंने दावा किया कि हालिया चुनाव परिणाम जनता के मूड का संकेत हैं और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को इसका और बड़ा परिणाम देखने को मिलेगा।

Related Topics: