नगर परिषद पांवटा साहिब पर फिर भाजपा का कब्जा, निर्मल कौर दूसरी बार अध्यक्ष
नगर परिषद पांवटा साहिब पर फिर भाजपा का कब्जा, निर्मल कौर दूसरी बार अध्यक्ष , निर्दलीय इंद्रजीत सिंह मिक्का बने उपाध्यक्ष, आठ पार्षदों की मौजूदगी में दोनों निर्विरोध निर्वाचित
नाहन
नगर परिषद पांवटा साहिब पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से कब्जा कर लिया है। सोमवार को आयोजित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा समर्थित निर्मल कौर दूसरी बार नगर परिषद की अध्यक्ष चुनी गईं, जबकि निर्दलीय पार्षद इंद्रजीत सिंह मिक्का उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। दोनों पदों पर एक-एक नामांकन होने के कारण उन्हें निर्विरोध घोषित किया गया।
13 सदस्यीय नगर परिषद में भाजपा के चार, कांग्रेस के चार और पांच निर्दलीय पार्षद हैं। चुनाव प्रक्रिया में भाजपा के चारों पार्षदों के साथ चार निर्दलीय पार्षदों ने भाग लिया। कांग्रेस के चारों पार्षद तथा एक निर्दलीय पार्षद चुनाव से अनुपस्थित रहे।
इससे पहले शनिवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की तिथि तय की गई थी, लेकिन उस दिन कोई भी पार्षद उपस्थित नहीं हुआ था। इसके बाद प्रशासन ने सोमवार को पुनः चुनाव प्रक्रिया आयोजित की।
निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने बताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए एक-एक नामांकन पत्र प्राप्त हुआ था। आठ पार्षदों की उपस्थिति में दोनों प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव के दौरान स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी भी मौजूद रहे। परिणाम घोषित होने के बाद नगर परिषद परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का स्वागत किया तथा मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
समर्थकों ने उम्मीद जताई कि नगर परिषद की नई टीम शहर में स्वच्छता, सड़क, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पार्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर गति प्रदान करेगी।
