भाजपा ने दूर की मंजू जरियाल की नाराजगी, नहीं लड़ेंगी आजाद चुनाव
भाजपा नेताओं ने मंजू जरियाल और उनके समर्थकों के साथ बैठक कर उनकी नाराजगी दूर करने का प्रयास किया। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें सम्मान और संगठन में योगदान का भरोसा दिलाया। इसके बाद मंजू जरियाल ने स्पष्ट किया कि वह निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ेंगी और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में कार्य करेंगी।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश सह-प्रवक्ता मंजू जरियाल की नाराजगी दूर करने के लिए भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल उनके गांव नंगल जरियालां पहुंचा। इस दौरान चिंतपूर्णी के पूर्व विधायक बलवीर सिंह, प्रदेश भाजयुमो उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष शाम मिन्हास, भाजपा नेता सुशील कालिया, सरला देवी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने मंजू जरियाल और उनके समर्थकों के साथ बैठक कर पार्टी की ओर से उन्हें पूरा मान-सम्मान देने का भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि गगरेट क्षेत्र के चलेट जिला परिषद वार्ड से मंजू जरियाल भाजपा की मजबूत दावेदार मानी जा रही थीं, लेकिन पार्टी द्वारा जारी सूची में दियोली गांव की आरती देवी को भाजपा समर्थित प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। इसके बाद मंजू जरियाल और उनके समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली थी। समर्थकों का दबाव था कि मंजू जरियाल निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरें, जिसके चलते भाजपा हाईकमान हरकत में आया और पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ओर वरिष्ठ नेताओं की टीम उन्हें मनाने उनके निवास पर पहुंची।
बैठक के दौरान भाजपा नेताओं ने माना कि मंजू जरियाल का संगठन में मजबूत योगदान और प्रभावशाली पक्ष रहा है, लेकिन पार्टी के सामूहिक निर्णय के चलते आरती शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया। नेताओं ने आश्वस्त किया कि मंजू जरियाल की वर्षों की सेवाओं और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा को पार्टी किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं करेगी।मंजू जरियाल पिछले करीब 20 वर्षों से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वह वर्ष 2011 से 2015 तक ब्लॉक समिति गगरेट की चेयरपर्सन रह चुकी हैं।
इसके अलावा उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा जिला महामंत्री, भाजपा जिला सचिव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, प्रदेश महिला मोर्चा सचिव सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वर्तमान में वह भाजपा महिला मोर्चा में प्रदेश सह प्रवक्ता और बूथ पालक के दायित्व का निर्वहन कर रही हैं।मंजू जरियाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद अब वह पूरी तरह संतुष्ट हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पार्टी हित को सर्वोपरि मानते हुए जिला परिषद चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल नहीं करेंगी और भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।