Loading...

शिक्षक प्रकोष्ठ को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का आह्वान, प्रशिक्षण वर्ग में बोले डॉ. राजीव बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त आधार है और संगठन को मजबूत बनाने में शिक्षक प्रकोष्ठ की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने संगठन के सभी प्रकोष्ठों से आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया।

नाहन

डॉ. बिंदल शनिवार को नाहन स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित जिला भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अध्यापक केवल शिक्षा देने का कार्य नहीं करता, बल्कि समाज में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभावना का संचार भी करता है। यही कारण है कि संगठनात्मक कार्यों में शिक्षक वर्ग की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की मजबूती का प्रभावी माध्यम हैं। इनके जरिए कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा, सेवा, समर्पण और जनसंपर्क के विभिन्न पहलुओं की जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि सभी प्रकोष्ठों को आपसी समन्वय, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन को प्रत्येक बूथ तक और अधिक सशक्त बनाना होगा।

डॉ. बिंदल ने दावा किया कि प्रदेश की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है और आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार की विदाई तय है।

इस अवसर पर जिला प्रभारी डॉ. संजय ठाकुर, सह प्रभारी राकेश डोगरा, जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, समस्त प्रकोष्ठों के संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया, प्रदेश शिक्षक प्रकोष्ठ संयोजक पुरुषोत्तम शर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, जिला महामंत्री तपेन्दर शर्मा, रणबीर सिंह सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक, सह-संयोजक तथा जिला एवं मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।