भारतीय जनता युवा मोर्चा के नए जिलाध्यक्ष अरुण चौहान ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं से किए वादे तोड़ रही है और सिर्फ सत्ताधारी नेताओं के रिश्तेदारों को लाभ पहुंचा रही है।
नाहन।
पहली प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर निशाना
भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) सिरमौर के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अरुण चौहान ने पदभार संभालने के कुछ ही दिन बाद आज (वीरवार को) अपनी पहली पत्रकार वार्ता में कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने एक तरफ अपने संगठनात्मक विजन को सामने रखा, वहीं दूसरी तरफ जिला सिरमौर के कद्दावर कांग्रेसी नेता और मंत्री हर्षवर्धन चौहान को युवाओं के साथ कथित धोखे के लिए जमकर घेरा।
संगठन का विजन और युवाओं के लिए प्राथमिकताएँ
मूल रूप से गिरीपार क्षेत्र के एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखने वाले चौहान ने कहा कि उनकी प्राथमिकताएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप युवाओं को सही मार्गदर्शन, किसानों के हितों की रक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और नशा मुक्त समाज का निर्माण होंगी। उन्होंने जोर दिया कि विशेष रूप से आईआईएम सिरमौर में जिले के युवाओं के लिए दो सीट या कुछ प्रतिशत आरक्षण की मांग के लिए भी संघर्ष करने का ऐलान किया।
कांग्रेस पर बैकडोर भर्तियों का आरोप
संगठन के विजन के बाद चौहान सीधे प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आक्रामक हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान 1 लाख नौकरी देने का वादा करने वाली कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश के युवाओं से बड़ा धोखा किया है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “कांग्रेस ने एक भी युवा को पक्की नौकरी नहीं दी है, बल्कि अब मित्र बनकर 5-5000 की नौकरी देकर मज़ाक कर रही है।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर किसी को सरकारी नौकरी मिली है तो वह केवल डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की बेटी को और मंत्री हर्षवर्धन चौहान के भाई को मिली है, जिससे साबित होता है कि सरकारी नौकरियों में ‘बैक डोर एंट्रीज़’ पूरी तरह खुली हुई हैं।
युवा मोर्चा हर मोर्चे पर करेगा संघर्ष
जिलाध्यक्ष ने साफ किया कि युवाओं के हक की इस लड़ाई के लिए युवा मोर्चा हर मोर्चे को फ्रंट पर आकर चुनौती देगा। इस प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष के सहयोगी पूर्व महामंत्री अश्वनी कुंडलस, जिला सचिव विक्की पंवार, मंडल अध्यक्ष नाहन यशपाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष कटासन हिमांशु कुंडलस सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

