आस्था स्पेशल स्कूल के बच्चों की प्रतिभा ने जीता दिल, 8 दिवसीय आर्ट प्रदर्शनी का समापन

आस्था वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित आठ दिवसीय आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी का नाहन में हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ। विशेष बच्चों की कला, आत्मविश्वास और प्रतिभा ने सभी का दिल जीत लिया।

नाहन।

नगर पार्षद राकेश गर्ग ने किया सम्मानित, बोले—यह स्कूल समाज का सबसे पवित्र कार्य कर रहा है
जिला मुख्यालय नाहन में आस्था वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित 8-दिवसीय आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी वीरवार को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया। यह प्रदर्शनी समाज के उस सबसे पवित्र कार्य का प्रतीक बनी, जहाँ आस्था स्पेशल स्कूल के प्रतिभाशाली बच्चे अपनी विशेष खूबियों के साथ समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहे हैं।

मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने किया शिरकत
समापन समारोह में नगर पार्षद राकेश गर्ग ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। आस्था वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता और उपाध्यक्ष संजीव शर्मा ने उनका स्वागत और सम्मान किया।

बच्चों ने डांस और कला से जीता सभी का मन
इस दौरान आस्था स्पेशल स्कूल के छात्र राहुल ने सोलो डांस की प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। डी.एड. की छात्रा मुस्कान ने नाटी और छात्रों निखिल तथा दीपक ने पंजाबी डांस प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं स्कूल के विशेष बच्चों ने स्किल वर्क में तरह-तरह की कलाकृतियां बनाकर समाज को यह संदेश दिया कि उनमें भी किसी तरह की प्रतिभा की कमी नहीं है। आस्था स्कूल के बच्चों के द्वारा अतिथि सम्मान और चेहरे पर हल्की सी मुस्कान ने न केवल मुख्य अतिथि बल्कि उपस्थित लोगों का भी दिल भावुकता के साथ जीत लिया।

मुख्य अतिथि ने बच्चों की प्रशंसा की
मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने सोसायटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा, “ये प्रतिभाशाली बच्चे विशेष होने के बावजूद अपनी कला और हुनर से यह साबित करते हैं कि वे किसी से कम नहीं हैं। यह स्कूल समाज का सबसे पवित्र कार्य कर रहा है।”

विजेताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में, मुख्य अतिथि द्वारा मेहंदी प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। डी.एड. द्वितीय वर्ष की छात्रा मुस्कान ने प्रथम स्थान, 15 वर्षीय छात्रा मेहक ने द्वितीय स्थान और प्रथम वर्ष की छात्रा जोया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। द्वितीय वर्ष की छात्रा कंचन को चौथा स्थान मिला। इन प्रमुख विजेताओं के अलावा अन्य सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित रहे शिक्षक और सदस्य
इस समारोह में विद्यालय के अध्यापकगण और सोसाइटी के सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों की प्रतिभा और उत्साह को सराहा।