Loading...

Cabinet Minister Anirudh Singh / कर्मचारी से मारपीट पर गरमाई हिमाचल की सियासत : भाजपा ने मंत्री अनिरुद्ध सिंह को बर्खास्त करने की मांग

Shailesh Saini 2 Jul 2025 Edited 2 Jul 1 min read

Cabinet Minister Anirudh Singh : विनय गुप्ता और मनीष चौहान ने देवभूमि की छवि खराब होने का आरोप लगाया, बोले- अधिकारियों पर फोड़ रहे नाकामी का ठीकरा

नाहन

हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह द्वारा एक एनएचएआई (NHAI) कर्मचारी के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है और मंत्री अनिरुद्ध सिंह को मंत्रिमंडल से तुरंत बर्खास्त करने की मांग की है।

जिला सिरमौर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विनय गुप्ता और प्रदेश भाजपा सचिव मनीष चौहान ने संयुक्त रूप से बयान जारी कर मंत्री अनिरुद्ध सिंह की निंदा की। विनय गुप्ता ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के साथ इस तरह की अभद्रता और मारपीट से “देवभूमि” हिमाचल की छवि पूरे देश में खराब हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री अनिरुद्ध सिंह अपनी नाकामियों का ठीकरा अधिकारियों के सिर फोड़ रहे हैं और अब तो “बेलगाम मंत्री” कर्मचारियों को भी नहीं बख्श रहे हैं।

मनीष चौहान ने इस घटना को “शर्मनाक” बताते हुए कहा कि कैबिनेट स्तर के मंत्री के इस कृत्य से प्रदेश भर के कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश सरकार के कर्मचारी हितैषी होने के दावों की पोल खोलती है, क्योंकि सरकार का ही एक मंत्री कर्मचारियों के साथ ऐसा व्यवहार कर रहा है।

भाजपा के इन वरिष्ठ नेताओं, विनय गुप्ता और मनीष चौहान ने मुख्यमंत्री से कड़ा आग्रह किया है कि मंत्री अनिरुद्ध सिंह को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए और उन पर कानूनी कार्रवाई की जाए। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई न होने से गलत संदेश जाएगा और कर्मचारियों का मनोबल गिरेगा।