Category: SARANHA

  • 14 फरवरी को सराहां में मुख्यमंत्री की जनसभा पच्छाद उपमंडल प्रशासन व कांग्रेस तैयारियों में जुटे

    14 फरवरी को सराहां में मुख्यमंत्री की जनसभा पच्छाद उपमंडल प्रशासन व कांग्रेस तैयारियों में जुटे

    हिमाचल नाऊ न्यूज सरांहा

    जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में 14 फरवरी को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री सराहां स्थित कुश्ती ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे और क्षेत्र को विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देंगे।

    कार्यक्रम के दौरान लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन किए जाने की तैयारी है। प्रस्तावित दौरे को लेकर पच्छाद उपमंडल प्रशासन और कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

    आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए 13 फरवरी को सराहां में परिवहन विभाग की ओर से निर्धारित वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी तिथि अगले आदेशों तक स्थगित कर दी गई है।

    प्रशासन ने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।गौरतलब है कि सराहां में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेले के अवसर पर पूर्व में भी मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया गया था।

    सितंबर 2024 में प्रस्तावित दौरा अंतिम समय में स्थगित हो गया था, जिससे कई घोषणाएं और योजनाओं के शिलान्यास अधूरे रह गए थे। अब उन घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

    नवंबर 2025 में अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले में मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति के बाद यह जिला सिरमौर में उनका महत्वपूर्ण सार्वजनिक कार्यक्रम माना जा रहा है।

    श्रीरेणुकाजी के विधायक विनय कुमार के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद मुख्यमंत्री का यह पहला जिला दौरा भी है, जिसे राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।पच्छाद कांग्रेस मंडल के पूर्व अध्यक्ष रणधीर पवार और जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान विकास कार्यों की सौगात देने के साथ कार्यकर्ताओं से भी संवाद करेंगे।

    राजनीतिक हलकों में इस दौरे को आगामी समय में क्षेत्रीय समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें 14 फरवरी की जनसभा पर टिकी हैं, जहां से पच्छाद के लिए विकास की नई घोषणाओं का इंतजार किया जा रहा है।

  • सराहां में ‘राम भरोसे’ तेंदुआ रेस्क्यू, संसाधनों के अभाव में जुगाड़ से निकाला गया वन्यजीव

    सराहां में ‘राम भरोसे’ तेंदुआ रेस्क्यू, संसाधनों के अभाव में जुगाड़ से निकाला गया वन्यजीव


    सराहां के समीप काहन गांव में तेंदुए के रेस्क्यू के दौरान वन विभाग की तैयारियों और संसाधनों की भारी कमी सामने आई। सुरक्षा उपकरणों और मानक प्रोटोकॉल के बिना किया गया यह रेस्क्यू ग्रामीणों के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता था।


    सिरमौर/सराहां

    टैंक में फंसा रहा तेंदुआ, घंटों बाद निकाला गया बाहर

    जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल मुख्यालय सराहां के समीप काहन गांव में नेशनल हाईवे के पास एक खाली टैंक में तेंदुआ गिर गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के पास वन्यजीव रेस्क्यू के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं थे, जिसके चलते तेंदुआ करीब दस घंटे तक टैंक में फंसा रहा।

    न पिंजरा, न ट्रैंक्युलाइजर, सुरक्षा प्रोटोकॉल भी नदारद

    रेस्क्यू के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि वन विभाग की टीम के पास न तो तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरा था और न ही उसे बेहोश करने के लिए ट्रैंक्युलाइजर की व्यवस्था। इसके अलावा मौके पर मौजूद ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रखने जैसी बुनियादी सावधानियां भी नहीं बरती गईं, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील बन गई।

    लकड़ी के स्लीपर के सहारे बाहर निकला तेंदुआ

    संसाधनों के अभाव में वन कर्मियों ने एक बड़ा लकड़ी का स्लीपर मंगवाकर उसे टैंक की दीवार के सहारे खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद तेंदुआ उसी स्लीपर पर चढ़कर टैंक से बाहर निकला और जंगल की ओर भाग गया। विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह का रेस्क्यू किसी भी समय गंभीर हादसे में बदल सकता था, क्योंकि खुले में निकलते समय तेंदुआ आसपास मौजूद लोगों पर हमला कर सकता था।

    ग्रामीणों ने जताया रोष, आदमखोर प्रवृत्ति का आरोप

    काहन गांव के ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि यही तेंदुआ पहले भी क्षेत्र में पालतू पशुओं और कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है। टैंक में गिरने के बाद उसे पकड़कर आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर भेजने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर था, लेकिन विभाग की लापरवाही और संसाधनों की कमी के कारण तेंदुए को दोबारा जंगल की ओर छोड़ दिया गया।

    संभावित खतरे को लेकर बढ़ी चिंता

    ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के फिर से रिहायशी इलाकों की ओर आने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में स्थायी निगरानी, पिंजरे की व्यवस्था और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम तैनात की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

  • सैंणधार क्षेत्र की संस्कृति को विश्व पटल पर पहचान दिलाने नारग में होगा दो दिवसीय सैंणधार उत्सव

    सैंणधार क्षेत्र की संस्कृति को विश्व पटल पर पहचान दिलाने नारग में होगा दो दिवसीय सैंणधार उत्सव

    सिरमौर जिले के सैंणधार क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से नारग में दो दिवसीय सैंणधार उत्सव आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन नशे के खिलाफ ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को जागरूक करने का भी सशक्त मंच बनेगा।

    नाहन/सराहां

    सैंणधार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत
    सैंणधार उत्सव कमेटी ने सराहां में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि सैंणधार क्षेत्र जिला सिरमौर की तीन प्रमुख नदियों गिरी, जलाल और कव्वाल का संगम स्थल है। यह क्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और राजनीतिक दृष्टि से सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।

    हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार की कर्मभूमि
    कमेटी सदस्यों ने कहा कि सैंणधार क्षेत्र पूरे हिमाचल की पहचान का आधार रहा है, क्योंकि प्रदेश के निर्माता और पहले मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार इसी क्षेत्र से थे। उन्होंने बताया कि डॉ. परमार की सादगीपूर्ण वेशभूषा और विचारधारा आज भी सैंणधार की पहचान का हिस्सा है और यदि डॉ. परमार न होते तो हिमाचल का अस्तित्व भी संभव नहीं था।

    27 पंचायतों की साझा सांस्कृतिक पहचान
    कमेटी के अनुसार बेचढ़ बाग से लेकर नारग और कालाघाट क्षेत्र तक की 27 पंचायतें सैंणधार क्षेत्र में आती हैं, जहां की लोकसंस्कृति, परंपराएं और रहन-सहन इस उत्सव के माध्यम से मंच पर प्रस्तुत किए जाएंगे।

    20 दिसंबर को होगा उत्सव का शुभारंभ
    सैंणधार उत्सव का शुभारंभ जिला सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा करेंगी। पहले दिन महिलाओं के लिए मटका फोड़, रस्साकशी और कुर्सी प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। सांस्कृतिक संध्या में अरुण आर्य, कपिल और भारती शर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

    दूसरे दिन दंगल रहेगा मुख्य आकर्षण
    उत्सव के समापन समारोह में जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी मुख्य अतिथि होंगे। दूसरे दिन दंगल आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा और श्रद्धालुओं व दर्शकों के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई है। सांस्कृतिक संध्या में दिलीप सिरमौरी, विकास शर्मा, विद्या दत्त शर्मा और अनुराधा अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

    संस्कृति, वेशभूषा और विभूतियों का सम्मान
    दो दिवसीय उत्सव में सैंणधार क्षेत्र की पारंपरिक वेशभूषा, लोकसंस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को मंचन के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही सैंणधार की पहचान को विश्व पटल पर पहुंचाने वाली विभिन्न विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए आठ उप-समितियों का गठन भी किया गया है।

  • सराहां में 14.50 लाख से निर्मित लाइब्रेरी भवन का सांसद सुरेश कश्यप ने किया शुभारंभ

    सराहां में 14.50 लाख से निर्मित लाइब्रेरी भवन का सांसद सुरेश कश्यप ने किया शुभारंभ

    सराहां पंचायत में 14.50 लाख की लागत से बना नवीन लाइब्रेरी भवन युवाओं के लिए अध्ययन का अवसर बनेगा। सांसद सुरेश कश्यप ने उद्घाटन के साथ 5 लाख की पुस्तकों और फर्नीचर सहायता भी घोषित की।

    सराहां

    लाइब्रेरी भवन का उद्घाटन, सांसद ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
    पच्छाद उपमंडल की ग्राम पंचायत सराहां में पंचायत समिति एवं स्थानीय पंचायत के संयुक्त प्रयास से निर्मित 14.50 लाख रुपये की लागत वाले लाइब्रेरी भवन का शुभारंभ सांसद सुरेश कश्यप ने किया। उन्होंने कहा कि यह भवन युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च अध्ययन में बड़ी सहूलियत प्रदान करेगा। सांसद ने लाइब्रेरी के संचालन हेतु फर्नीचर व पुस्तकों के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा भविष्य में और सहयोग का आश्वासन दिया।

    राजनैतिक सफ़र को स्मरण करते हुए जनता के प्रति आभार व्यक्त
    सुरेश कश्यप ने समारोह में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत याद करते हुए बताया कि पहली बार वह बीडीसी सदस्य के रूप में इसी भवन परिसर में आए थे। इसके बाद उन्हें दो बार विधायक और दो बार सांसद बनने का अवसर मिला, जिसके लिए उन्होंने पच्छाद की जनता का विशेष आभार व्यक्त किया।

    अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराज़गी भी जताई
    उद्घाटन समारोह बीडीओ कार्यालय प्रांगण में आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सांसद ने असंतोष जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय प्रतिनिधि एवं पंचायत सदस्य मौजूद रहे।

  • प्रशासनिक चूक या राजनीतिक विद्वेष ? ऐतिहासिक मेले में आस्था से ज्यादा सियासत हावी रही

    प्रशासनिक चूक या राजनीतिक विद्वेष ? ऐतिहासिक मेले में आस्था से ज्यादा सियासत हावी रही

    पच्छाद का ऐतिहासिक वामन द्वादशी मेला इस बार धार्मिक आयोजन से ज्यादा राजनीतिक विवादों का केंद्र बन गया। कांग्रेस सरकार के राज में स्थानीय भाजपा विधायक और सांसद को निमंत्रण न देने से यह आयोजन विवादों में घिर गया।

    सरांहा

    प्रशासनिक प्रोटोकॉल टूटा, राजनीति हावी रही
    लोगों का कहना है कि राज्य स्तरीय मेले में भाजपा जनप्रतिनिधियों को न बुलाना सिर्फ प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि सत्ता की ओर से राजनीतिक प्रतिशोध का संकेत है। कैबिनेट मंत्रियों की अनुपस्थिति ने भी यह साफ कर दिया कि यह आयोजन केवल औपचारिकता तक सीमित रह गया।

    हारी प्रत्याशी मंच पर हावी, कांग्रेस की फूट उजागर
    इस बार का मंच भाजपा की अनुपस्थिति से खाली नहीं, बल्कि कांग्रेस की हारी हुई प्रत्याशी दयाल प्यारी के दबदबे से भरा रहा। चुनाव हारने के बावजूद उनका वर्चस्व साफ दिखा, जिससे कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी भी सामने आ गई। वहीं, पूर्व विधायक जीआर मुसाफिर अपने समर्थकों के बीच पहले से ज्यादा मजबूत दिखाई दिए।

    आस्था और संस्कृति पीछे, राजनीतिक चमक-दमक आगे
    स्थानीय लोगों का मानना है कि जब मेला मंदिर कमेटी के हाथों में था, तब भक्ति और आस्था का भाव प्रमुख होता था। लेकिन राज्य स्तरीय दर्जा मिलने के बाद यह मंच राजनीतिक प्रदर्शन और महंगे प्लाट आवंटन का जरिया बनकर रह गया। व्यापारी घाटे में रहे और आम जनता को खरीदारी में महंगाई झेलनी पड़ी।

    मेले की गरिमा पर सवाल
    कुल मिलाकर, इस बार का वामन द्वादशी मेला आस्था और संस्कृति से ज्यादा कांग्रेस की गुटबाजी, प्रशासनिक लापरवाही और राजनीतिक विद्वेष का उदाहरण बनकर सामने आया।

  • सराहां में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेला आरंभ , उपायुक्त ने किया शुभारंभ

    सराहां में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेला आरंभ , उपायुक्त ने किया शुभारंभ

    सिरमौर जिले के सराहां में राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेले का शुभारंभ आज हुआ। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने भगवान वामन देव की पूजा-अर्चना कर पालकी को कंधा देकर मेले की शुरुआत की।

    सराहां

    शोभायात्रा और नौका विहार का आयोजन
    मंदिर से खंड विकास कार्यालय और नए बस स्टैंड तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक वाद्य दल, एनसीसी कैडेट्स, होमगार्ड बैंड और हजारों श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लिया। तालाब में भगवान वामन देव की पालकी का नौका विहार सभी के आकर्षण का केंद्र रहा।

    मेले का सांस्कृतिक महत्व
    उपायुक्त ने शुभारंभ अवसर पर कहा कि यह मेला सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। दशकों से हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने वाले इस पर्व में धार्मिक परंपरा के साथ आपसी मेलजोल और उत्सव का भी महत्व है।

    खेल और सांस्कृतिक संध्याएं
    तीन दिवसीय मेले में खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित होंगी। इसमें स्थानीय और नामी कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।

    प्रदर्शनियां और विभागीय भागीदारी
    मेले में विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी आयोजन किया गया, जिनका उपायुक्त ने अवलोकन किया।

  • भूरशिंग महादेव मंदिर में उमड़े हजारों भक्त: नवाया शीश

    भूरशिंग महादेव मंदिर में उमड़े हजारों भक्त: नवाया शीश

    बम बम भोले की गूंज से गूंजी कैलाश घाटी, भंडारे का प्रसाद खाकर भक्त हुए निहाल

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ सरांहा

    जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल में स्थित आराध्य देव भूरशिंग महादेव मंदिर कवागधार कथाड़ में रविवार को हजारों भक्तों ने शीश नवाया।

    एकादशी के शुभ अवसर पर, स्थानीय निवासी तेजपाल शर्मा (गुड्डू) ने भंडारे का आयोजन किया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन के बाद प्रसाद ग्रहण किया।

    *वीकेंड पर भक्तों का तांता और महाभारत से जुड़ा इतिहास*

    आम दिनों की अपेक्षा सप्ताहांत (शनिवार और रविवार) को भूरशिंग महादेव मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। पिछले कुछ समय से, हर रविवार को कोई न कोई श्रद्धालु यहां भंडारे का आयोजन भी करता है।

    मान्यता है कि भगवान शिव और माता पार्वती ने कुरुक्षेत्र में 18 दिनों तक चले महाभारत के युद्ध को इसी स्थान से देखा था। तभी से यहां शिवलिंग की स्वयंभू उत्पत्ति मानी जाती है, जो इस स्थान को और भी पवित्र बनाती है।

    शिव प्रतिमा का आकर्षण और मनोरम दृश्य

    गत वर्ष मंदिर कमेटी द्वारा यहां 51 फीट ऊंची शिव प्रतिमा का निर्माण करवाया गया है, जिसके बाद से चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड सहित दूर-दूर से श्रद्धालुओं की भारी संख्या में आवाजाही बढ़ी है।

    मंदिर परिसर से पंचकूला, चंडीगढ़, शिमला, सोलन, चायल और कसौली का अद्भुत नजारा देखने को मिलता है, जो भक्तों को प्रकृति का अनुपम आनंद भी देता है।भूरशिंग महादेव मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मदन मोहन मंत्री ने बताया कि वीकेंड पर महादेव के दर्शन के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।

    मंदिर कमेटी द्वारा यहां आने वाले भक्तों के लिए पीने के पानी, कैंटीन, पार्किंग और भंडारे की उचित व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह स्थान श्रद्धा और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम है।

  • सराहां स्कूल में आपदा प्रबंधन पर NDRF का मॉक अभ्यास आयोजित किया गया

    सराहां स्कूल में आपदा प्रबंधन पर NDRF का मॉक अभ्यास आयोजित किया गया

    सराहां

    छात्रों और शिक्षकों को आपदा से निपटने के लिए तैयार करने पर रहा पूरा फोकस

    आपदा से निपटने की तैयारी
    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराहां में शनिवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 14वीं बटालियन द्वारा एक दिवसीय आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम और मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों और विद्यालय स्टाफ को संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार करना था।

    मॉक ड्रिल के जरिए दी गई जानकारी
    इस कार्यक्रम का आयोजन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सिरमौर के सहयोग से किया गया, जिसमें NDRF की 30 सदस्यीय टीम ने कमांडेंट बलजिंदर सिंह के नेतृत्व में भाग लिया। इस दौरान इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह नेगी, सब-इंस्पेक्टर मोहित कुमार और कांस्टेबल प्रेमजीत सहित टीम ने छात्रों को भूकंप जैसी आपदा के दौरान राहत एवं बचाव की तकनीकें समझाईं।

    छात्रों को सिखाई गई सुरक्षा विधियां
    प्रधानाचार्या रचना अग्रवाल ने बताया कि NDRF की टीम ने करीब 200 छात्रों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, और सुरक्षित निकासी की विधियों का प्रशिक्षण दिया। विद्यार्थियों ने मॉक ड्रिल में भाग लेकर सीखा कि भूकंप के दौरान कैसे संयम और सतर्कता से राहत पहुंचाई जा सकती है।

    अधिकारियों और समुदाय की भागीदारी
    इस कार्यक्रम में विद्यालय के 30 शिक्षक, 4 गैर-शैक्षणिक कर्मचारी, 6 पंचायत प्रतिनिधि, पच्छाद उपमंडल के 8 अधिकारी और होमगार्ड विभाग से बलबीर भी शामिल रहे। उपमंडल अधिकारी प्रियंका चंद्रा और तहसीलदार प्रवीण ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और NDRF टीम के कार्य की सराहना करते हुए समुदाय को जागरूक करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

  • लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह 31 मई को पच्छाद उत्सव में होंगे शामिल, समापन समारोह की करेंगे अध्यक्षता

    लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह 31 मई को पच्छाद उत्सव में होंगे शामिल, समापन समारोह की करेंगे अध्यक्षता

    सिरमौर

    सराहां में पच्छाद उत्सव के समापन समारोह में होंगे मुख्य अतिथि, प्रवास कार्यक्रम तय

    लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह आगामी 31 मई 2025 को जिला सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र के सराहां में आयोजित पच्छाद उत्सव के समापन समारोह में भाग लेंगे। इस बात की जानकारी एक सरकारी प्रवक्ता ने दी।

    पच्छाद उत्सव के समापन समारोह की करेंगे अध्यक्षता

    प्रवक्ता ने बताया कि मंत्री विक्रमादित्य सिंह इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे और समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे। उनके इस दौरे के दौरान क्षेत्र में विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा की भी संभावना है।

    स्थानीय लोगों में उत्साह

    लोक निर्माण मंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय जनता और प्रशासन में उत्साह देखा जा रहा है। पच्छाद उत्सव क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक आयोजन है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग भाग लेते हैं।

  • कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड को बनाया अपना एटीएम, हिमाचल सरकार पर भी उठाए सवाल

    कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड को बनाया अपना एटीएम, हिमाचल सरकार पर भी उठाए सवाल

    सराहां

    अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पर लगाया गंभीर आरोप, पूछा नेशनल हेराल्ड को करोड़ों का लाभ क्यों दिया गया

    नेशनल हेराल्ड के विज्ञापनों को लेकर कांग्रेस पर हमला
    पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड को निजी एटीएम की तरह इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार ने एक साप्ताहिक अखबार को करोड़ों रुपये के विज्ञापन देकर जनता की गाढ़ी कमाई लुटा दी, जबकि प्रदेश के अन्य दैनिक समाचार पत्रों को नजरअंदाज कर दिया गया।

    गांधी परिवार पर भी साधा निशाना
    अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक ने नेशनल हेराल्ड को मुद्रामोचक की तरह देखा और इसे अपनी निजी संपत्ति बना दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार गांधी परिवार के इस एटीएम में पैसा डालने का काम कर रही है, जबकि इसका प्रदेश से कोई सीधा संबंध नहीं है।

    ईडी की चार्जशीट और 661 करोड़ की संपत्ति जब्त करने का जिक्र
    उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी ने चार्जशीट दायर की है। इस घोटाले में 661 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं और 90 करोड़ रुपये के शेयर भी कुर्क किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला कांग्रेस आलाकमान के लिए एक ऐसा काला धब्बा है जिसे चाहकर भी मिटाया नहीं जा सकता।

    हिमाचल सरकार से मांगा जवाब
    अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार को बताना चाहिए कि नेशनल हेराल्ड को विज्ञापन देने के पीछे आखिर वजह क्या थी और इसका फायदा किसकी जेब में गया। उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी से पूछा कि नेशनल हेराल्ड के जरिए कमाया गया पैसा आखिर किसके पास गया।

    गांधी परिवार कानून से ऊपर क्यों समझता है खुद को?
    अनुराग ठाकुर ने सवाल उठाया कि आखिर गांधी परिवार खुद को देश के कानून से ऊपर क्यों समझता है। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड घोटाला बताता है कि कैसे कांग्रेस ने हजारों करोड़ रुपये की संपत्तियों को हड़प लिया। उन्होंने यह भी कहा कि रॉबर्ट वाड्रा पर भी गुरुग्राम में जमीन घोटाले को लेकर ईडी की जांच चल रही है।