Category: KANGRA

  • खेत में सप्रे करते समय मुंह में चला गया जहरीला पदार्थ, 58 वर्षीय किसान की मौत

    खेत में सप्रे करते समय मुंह में चला गया जहरीला पदार्थ, 58 वर्षीय किसान की मौत

    पाइप की ब्लॉकेज हटाने के प्रयास में मुंह में घुसा कीटनाशक, टांडा मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम

    कांगड़ा

    पाइप में आई रुकावट जानलेवा साबित हुई
    भवारना थाना क्षेत्र में एक किसान की खेत में कीटनाशक सप्रे करते समय मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 58 वर्षीय व्यक्ति अपने खेत में दवा का छिड़काव कर रहा था, जब पंप की पाइप में अचानक ब्लॉकेज आ गई। उसने इसे हटाने के लिए पाइप को मुंह में लगाकर हवा मारने की कोशिश की, इसी दौरान जहरीला रसायन उसके मुंह में चला गया।

    अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
    स्थिति बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत पालमपुर अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए रात में डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई।

    पुलिस ने दर्ज किया मामला, शव का पोस्टमार्टम
    पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धारा 194 के तहत मामला दर्ज करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह एक दुखद दुर्घटना है और छानबीन जारी है।

  • कांगड़ा में बाढ़ संभावित क्षेत्रों में लगाए जाएंगे साइन बोर्ड, पर्यटकों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक

    कांगड़ा में बाढ़ संभावित क्षेत्रों में लगाए जाएंगे साइन बोर्ड, पर्यटकों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक

    कांगड़ा

    मानसून से पहले प्रशासन अलर्ट, नदी-नालों के आसपास सख्ती बढ़ाई गई

    संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और साइन बोर्ड लगाने के निर्देश
    उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कांगड़ा जिला में नदियों, खड्डों और नालों के नजदीक बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां साइन बोर्ड लगाने के आदेश दिए हैं। जल शक्ति विभाग और उपमंडलाधिकारियों को 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

    पर्यटकों और नागरिकों के प्रवेश पर रोक
    मानसून के दौरान पानी के स्तर में अचानक वृद्धि की आशंका को देखते हुए, इन क्षेत्रों में पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के प्रवेश पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। आदेशों की अवहेलना करने पर सेक्शन 115 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

    फोटो और सेल्फी के लिए जोखिम न उठाएं
    उपायुक्त ने कहा कि अक्सर देखा गया है कि पर्यटक फोटो शूट और सेल्फी लेने के लिए नदी-नालों के किनारे इकट्ठा हो जाते हैं, जिससे हादसों की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए संवेदनशील क्षेत्रों को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है।

    24 घंटे कंट्रोल रूम की व्यवस्था
    प्रशासन ने आपदा प्रबंधन को लेकर जिला मुख्यालय और सभी उपमंडल स्तरों पर 24 घंटे कंट्रोल रूम स्थापित करने के आदेश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

  • बॉर्डर पर ड्यूटी निभा रहे बीएसएफ जवान नरेश कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ी, रास्ते में मौत

    बॉर्डर पर ड्यूटी निभा रहे बीएसएफ जवान नरेश कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ी, रास्ते में मौत

    धीरा

    गुरदासपुर में सेवाएं दे रहे जवान को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाते वक्त निधन

    अचानक बिगड़ी तबीयत, नहीं बची जान
    कांगड़ा जिला के धीरा उपमंडल के गांव डईं निवासी 52 वर्षीय हैड कांस्टेबल नरेश कुमार की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। वे वर्तमान में बीएसएफ की तैनाती में पंजाब के गुरदासपुर में सेवा दे रहे थे। अचानक पेट में उठे तेज दर्द के चलते उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया।

    सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
    जवान नरेश कुमार का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके गांव बलोटी के श्मशानघाट में सैन्य सम्मान के साथ किया गया। बीएसएफ के जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र शुभम कुमार ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस मौके पर बीएसएफ की 24वीं बटालियन के सैकेंड इन कमांड विजेश राणा सहित कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

    गांव में गमगीन माहौल
    उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने श्मशानघाट पहुंचकर उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। पूर्व सीपीएस जगजीवन पाल ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और नरेश कुमार के योगदान को याद किया।

    परिवार को गहरा आघात
    नरेश कुमार अपने पीछे पत्नी रजनी और बेटा शुभम छोड़ गए हैं। शुभम वर्तमान में बंदला स्थित आईटीआई में अध्ययनरत है। जवान की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

  • कांगड़ा-शिमला फोरलेन पर टोल टैक्स शुरू, रानीताल टोल प्लाजा से गुजरना अब पड़ेगा महंगा

    कांगड़ा-शिमला फोरलेन पर टोल टैक्स शुरू, रानीताल टोल प्लाजा से गुजरना अब पड़ेगा महंगा

    कांगड़ा

    आज से लागू हुआ टोल सिस्टम, FASTag न होने पर देना होगा दोगुना शुल्क

    रानीताल के पास घट्टा में बना टोल प्लाजा
    कांगड़ा जिले में बन रहे मटौर-शिमला फोरलेन पर 12 जून से टोल वसूली शुरू हो गई है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा रानीताल के समीप घट्टा में टोल प्लाजा स्थापित किया गया है, जहां से वाहनों से शुल्क लिया जा रहा है। यह टोल वसूली सुबह 8 बजे से शुरू हुई। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे अपना FASTag अपडेट रखें, क्योंकि बिना FASTag वाले वाहनों से दोगुना टोल लिया जाएगा।

    भंगवार से कांगड़ा बाईपास तक लागू होगी टोल अदायगी
    हालांकि फोरलेन का भंगवार से कछियारी तक का हिस्सा रियुंड खड्ड पर पुल निर्माण के चलते अधूरा है, फिर भी अब तक बने हिस्से पर टोल वसूली शुरू हो चुकी है। स्थानीय पंजीकृत वाहनों के लिए मासिक पास की सुविधा उपलब्ध है।

    वाहनों के लिए निर्धारित टोल दरें

    • जीप, वैन, हल्के वाहन:
      • एकतरफा: ₹25
      • दोनों तरफ: ₹35
      • मासिक पास: ₹790
    • हल्के वाणिज्यिक वाहन, मिनी बस:
      • एकतरफा: ₹40
      • दोनों तरफ: ₹55
      • मासिक पास: ₹1275
    • बस और ट्रक (दो-एक्सल):
      • एकतरफा: ₹80
      • दोनों तरफ: ₹120
      • मासिक पास: ₹2675
    • तीन-एक्सल वाहन:
      • एकतरफा: ₹90
      • दोनों तरफ: ₹130
      • मासिक पास: ₹2920
    • भारी निर्माण मशीनरी और मल्टी-एक्सल वाहन:
      • एकतरफा: ₹125
      • दोनों तरफ: ₹190
      • मासिक पास: ₹4195
    • ओवरसाइज़्ड वाहन:
      • एकतरफा: ₹155
      • दोनों तरफ: ₹230
      • मासिक पास: ₹5110

    पर्यटकों और स्थानीय लोगों पर असर
    यह टोल प्लाजा शिमला और धर्मशाला जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण फोरलेन पर स्थित है, जिसका सीधा असर न केवल स्थानीय लोगों पर पड़ेगा बल्कि धर्मशाला और आसपास के पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले पर्यटकों पर भी पड़ेगा। पंजाब के जालंधर और होशियारपुर से आने-जाने वाले वाहनों को भी अब टोल शुल्क देना होगा।

  • ऑनलाइन ठगी में शातिर आरोपी बिहार से गिरफ्तार, नूरपुर पुलिस की पेशेवर कार्रवाई

    ऑनलाइन ठगी में शातिर आरोपी बिहार से गिरफ्तार, नूरपुर पुलिस की पेशेवर कार्रवाई

    नूरपुर

    बैंक खाते से 3.56 लाख की ठगी, आरोपी को पकड़ने बिहार पहुंची पुलिस टीम

    जसूर निवासी से लाखों की ठगी की गई थी
    जसूर निवासी कुलदीप राज गुप्ता ने 8 अप्रैल 2025 को नूरपुर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन माध्यम से धोखाधड़ी करते हुए उसके बैंक खाते से ₹3,56,799 की रकम निकाल ली। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के अंतर्गत दर्ज किया गया।

    जांच में तेजी, साइबर अपराधी की हुई पहचान
    शिकायत दर्ज होने के बाद नूरपुर पुलिस ने इस मामले की गहनता से जांच शुरू की। जांच के दौरान साइबर अपराध में शामिल आरोपी की पहचान की गई। इसके लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और देश के विभिन्न राज्यों में छापेमारी की योजना बनाई गई।

    आरोपी अजीत कुमार की गिरफ्तारी बिहार से
    लगातार प्रयासों के बाद 9 जून 2025 को विशेष पुलिस टीम ने बिहार के नालंदा जिले के खेतलपुरा से अजीत कुमार पुत्र कांता पासवान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम ने खेतलपुरा थाना क्षेत्र में ऑपरेशन चलाया।

    आम जनता के लिए सतर्कता की अपील
    एसपी नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि इस मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। साथ ही उन्होंने लोगों से ऑनलाइन लेनदेन में सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

  • मानसून से पहले आपदा प्रबंधन को लेकर सतर्क हुआ प्रशासन, कांगड़ा में किए गए विशेष प्रबंध

    मानसून से पहले आपदा प्रबंधन को लेकर सतर्क हुआ प्रशासन, कांगड़ा में किए गए विशेष प्रबंध

    धर्मशाला

    बारिश से पहले की तैयारियों पर डीसी ने दी सख्त हिदायतें, सभी विभाग अलर्ट मोड पर

    पूर्व चेतावनी और जन जागरूकता पर रहेगा विशेष फोकस
    जिला कांगड़ा में आगामी मानसून सीजन से पहले संभावित आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी आम जनता तक समय रहते पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि लोग सतर्क रह सकें।

    नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर जोर
    उपायुक्त ने निर्देश दिए कि बारिश के जलभराव को रोकने के लिए कूहलों और नालियों की सफाई कार्य तत्काल शुरू किया जाए। विकास खंड अधिकारियों को पंचायत स्तर पर जल निकासी के समुचित इंतजाम करने को कहा गया है, जिससे किसी भी प्रकार की जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

    भू-स्खलन संभावित क्षेत्रों की सूची तैयार, मशीनरी तैनात
    भू-स्खलन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों की पहले से सूची तैयार करने और वहां त्वरित राहत के लिए जेसीबी मशीनों एवं उपकरणों को तैयार रखने के निर्देश लोक निर्माण विभाग, आईपीएच और विद्युत विभाग को दिए गए हैं। इस दौरान संभावित नुकसानों को कम करने के लिए विशेष रणनीति अपनाई जाएगी।

    दुर्गम क्षेत्रों में राशन और दवाइयों का स्टॉक अनिवार्य
    उपायुक्त ने बताया कि खाद्य आपूर्ति विभाग को आवश्यक वस्तुएं और दवाइयां दुर्गम क्षेत्रों में पहले से पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आपदा की स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही, जिला और उपमंडल स्तर पर आपदा कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे।

    हर विभाग में नोडल अधिकारी तैनात, बैठकें होंगी आयोजित
    प्रशासन ने सभी विभागों को मानसून सीजन में आपदा से निपटने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा है। साथ ही, सभी उपमंडलाधिकारियों को पंचायत प्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों के साथ आपदा प्रबंधन को लेकर बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

  • मुख्यमंत्री ने ज्वालामुखी में सिटी पुलिस चौकी का किया उद्घाटन , अग्निशमन केंद्र की रखी आधारशिला

    मुख्यमंत्री ने ज्वालामुखी में सिटी पुलिस चौकी का किया उद्घाटन , अग्निशमन केंद्र की रखी आधारशिला

    ज्वालामुखी

    धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से अहम ज्वालामुखी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उठाया गया कदम

    सिटी पुलिस चौकी का उद्घाटन
    मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को कांगड़ा जिले के पुलिस जिला देहरा के अंतर्गत ज्वालामुखी में सिटी पुलिस चौकी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस पवित्र तीर्थस्थल पर हर वर्ष हजारों श्रद्धालु देश के कोने-कोने से दर्शन करने आते हैं। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह चौकी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

    अग्निशमन केंद्र की आधारशिला रखी
    मुख्यमंत्री ने ज्वालामुखी में 5.36 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई फायर पोस्ट की आधारशिला भी रखी। उन्होंने जानकारी दी कि यह परियोजना आगामी 15 महीनों में पूरी कर ली जाएगी। इस केंद्र में फायर टेंडर की पार्किंग और स्टाफ क्वार्टर जैसी सुविधाएं भी होंगी। मुख्यमंत्री ने बीएसएनएल इंजीनियरिंग विंग को समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

    प्रशासनिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति
    इस अवसर पर विधायक संजय रतन, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, डीआईजी अभिषेक दुल्लर, उपायुक्त हेमराज बैरवा और पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस पहल को ज्वालामुखी क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया।

  • शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ जिला स्तरीय बाबा क्यालू दंगल, विधायक मलेंद्र राजन हुए शामिल

    शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ जिला स्तरीय बाबा क्यालू दंगल, विधायक मलेंद्र राजन हुए शामिल

    इंदौरा

    संस्कृति, खेल और सामाजिक एकता को समर्पित आयोजन में दिखा जन भागीदारी का उत्साह

    चार दिन तक चलेगा आयोजन, महिला पहलवानों को भी मिलेगा विशेष सम्मान
    इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के गंगथ में सोमवार को श्री सिद्ध पीठ बाबा क्यालू महाराज के चार दिवसीय जिला स्तरीय दंगल का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक शोभायात्रा के साथ हुई, जिसमें विधायक मलेंद्र राजन, एसडीएम डॉ सुरिंद्र ठाकुर, दंगल कमेटी के सदस्य, 25 पंचायतों के प्रधान और क्षेत्र की छिंज कमेटियों के प्रमुख शामिल हुए।

    कुश्ती से जुड़ा नहीं, समाज की चेतना का आयोजन
    मुख्य अतिथि विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि यह आयोजन केवल कुश्ती का मंच नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और ग्रामीण मूल्यों की सजीव झलक है। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने, अनुशासन और मेहनत का संदेश देते हुए कहा कि यह दंगल अब उत्तर भारत का सबसे बड़ा आयोजन बन चुका है। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से आयोजन के लिए 31 हजार रुपये देने की घोषणा की और दंगल को नशे के खिलाफ अभियान का सशक्त माध्यम बताया।

    महिला पहलवानों के लिए विशेष आयोजन
    इस दंगल में महिला पहलवानों के लिए भी विशेष मुकाबले होंगे, जो 3 जून को आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रथम पुरस्कार के रूप में कार, द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल और सभी प्रतिभागियों को गागर पुरस्कार स्वरूप दिया जाएगा। 2 जून को विजेताओं को बाइक, 35 चरोटियाँ और 400 गागर दिए जाएंगे। 4 जून को ओपन दंगल में बाइक और 150 चरोटियाँ इनाम में रखी गई हैं, जबकि 5 जून को देशभर के प्रसिद्ध पहलवानों के महामुकाबले होंगे।

    प्रशासनिक और सामाजिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही विशेष
    इस अवसर पर डीएसपी विशाल वर्मा, नायब तहसीलदार प्रवेश शर्मा, मेला कमेटी प्रधान राजेश भल्ला, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया, पूर्व उपप्रधान मनोहर सिंह, पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष नीरज कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

  • शाहपुर में शुरू हुई नई बस सेवा, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

    शाहपुर में शुरू हुई नई बस सेवा, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

    शाहपुर

    ग्रामीण संपर्क को मिलेगा बल, छूटे हुए गांवों के लिए भी योजना तैयार

    शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों की एक लंबी प्रतीक्षा आज पूरी हुई, जब उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने प्रेई, चूड़था, चंबी, मकरोटी, भाटी, मेहरना और जमानाबाद गांवों से टांडा के लिए नई निजी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सेवा वर्षों से ग्रामीणों की प्रमुख मांग थी।

    हर दिन चलेगी बस, पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू
    यह बस प्रतिदिन सुबह 8 बजे शाहपुर से टांडा के लिए रवाना होगी और 10:10 बजे टांडा से वापसी करेगी। इसे फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। केवल सिंह पठानिया ने बताया कि यह सेवा भविष्य में अन्य गांवों तक भी विस्तार की जाएगी, ताकि छूटे हुए क्षेत्रों को भी यातायात सुविधा मिल सके।

    युवाओं के लिए ई-टैक्सी योजना की जानकारी
    इस मौके पर पठानिया ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु राजीव गांधी स्टार्टअप योजना के तहत ई-टैक्सी योजना आरंभ कर चुकी है। पहले चरण में 500 ई-टैक्सियां विभिन्न सरकारी विभागों में तैनात की जाएंगी, जिससे पर्यावरण को लाभ होगा और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

    नए क्षेत्रों में भी योजना का विस्तार जल्द
    पठानिया ने बताया कि शाहपुर के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिनी निजी बसें चलाने की योजना है, जिससे यातायात व्यवस्था और रोजगार दोनों में सुधार आएगा। उन्होंने चौरी और भनाला गांवों के लिए भी शीघ्र बस सेवा आरंभ करने की घोषणा की।

    यह रहे प्रमुख उपस्थितजन
    इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता नवनीत शर्मा, नशा निवारण बोर्ड के निदेशक सुशील शर्मा, सिंहवा के प्रधान अजय बबली, मकरोटी के पूर्व प्रधान अजय कुमार, प्रधान योल झरेड़ अरुण कुमार, पूर्व पंचायत समिति सदस्य सरिता सैनी, रीना पठानिया, उप प्रधान रूलेहड़ ओम चंद, आयुष विभाग के ओएसडी सुनीत पठानिया, नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष विजय गुलेरिया, पार्षद राजीव पटियाल, सुरेश मेहरा, लालमन, सलाहकार विनय ठाकुर, शशि मेहता और अनिल कुमार पिंटू समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

  • नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता, 23.98 ग्राम चिट्टे के साथ कुख्यात तस्कर नोखा गिरफ्तार

    नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता, 23.98 ग्राम चिट्टे के साथ कुख्यात तस्कर नोखा गिरफ्तार

    जवाली

    नाकाबंदी के दौरान चिट्टे की बड़ी खेप पकड़ी, आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं केस

    जिला पुलिस नूरपुर को नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है29 मई को राजा का तालाब क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने सुनील कुमार उर्फ नोखा को 23.98 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनारा निवासी मदन लाल के पुत्र सुनील कुमार उर्फ नोखा के रूप में हुई है।

    कुख्यात नशा तस्कर है आरोपी नोखा

    एसपी नूरपुर अशोक रतन ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में चिट्टे की बड़ी मात्रा जब्त की। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति पहले से ही कुख्यात नशा तस्कर है, और उस पर पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं

    एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि इस नशा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके

    सख्त कार्रवाई का भरोसा

    एसपी अशोक रतन ने कहा कि जिला में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जनता से भी अपील की कि यदि कहीं नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियां दिखें तो तुरंत पुलिस को सूचित करें