जनगणना-2027 : उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने स्वयं की स्वगणना, सिरमौरवासियों से भी की भागीदारी की अपील
जनगणना-2027 के तहत सिरमौर जिला में स्वगणना प्रक्रिया शुरू हो गई है और उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज की। उन्होंने जिला के लोगों से 15 जून 2026 तक उपलब्ध इस सुविधा का लाभ उठाकर अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की अपील की है। प्रशासन द्वारा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता गतिविधियां भी चलाई जा रही हैं।
नाहन
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के जनगणना निदेशालय द्वारा संचालित जनगणना-2027 कार्यक्रम के तहत सिरमौर जिला में स्वगणना प्रक्रिया शुरू हो गई है। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने स्वयं ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना करते हुए पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज की और जिला के लोगों से भी इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि एक जून से 15 जून 2026 तक स्वगणना पोर्टल पर कोई भी नागरिक स्वयं अपना और अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकता है। उन्होंने कहा कि स्वगणना एक विशेष सुविधा है, जिसके माध्यम से लोग घर बैठे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं। यह सुविधा केवल 15 दिनों के लिए उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने कहा कि स्वगणना प्रक्रिया जनगणना को अधिक सुगम, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर मिलेगा तथा आगामी सर्वेक्षण प्रक्रिया को भी बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा।उपायुक्त ने जिला के सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे निर्धारित अवधि के भीतर स्वगणना का विकल्प अपनाकर जनगणना-2027 अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता से जनगणना के आंकड़े और अधिक सटीक एवं विश्वसनीय बनेंगे, जो भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रियंका वर्मा ने कहा कि प्रशासन इस अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां भी संचालित कर रहा है ताकि अधिकाधिक नागरिक स्वगणना सुविधा का लाभ उठा सकें।