Loading...

उपायुक्त ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम की समीक्षा कर विभागों को समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के दिए निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

विभिन्न विभागों की प्रगति, सीएसआर एवं नीति आयोग निधियों के उपयोग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, वित्तीय समावेशन, कृषि, उद्यान एवं अन्य प्रमुख क्षेत्रों से जुड़े सूचकांकों की भी समीक्षा की गई।

चंबा

विभागीय योजनाओं और आकांक्षी जिला कार्यक्रम की समीक्षा

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी खंड कार्यक्रम के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक गतिविधियों, आकांक्षी जिला कार्यक्रम के विभिन्न प्रदर्शन सूचकांकों, निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना तथा नीति आयोग निधियों के उपयोग की विभागवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों से प्रत्येक योजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच समन्वय बनाए रखना आवश्यक है तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

स्वास्थ्य, शिक्षा और निधियों के उपयोग पर दिए निर्देश

बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न संकेतकों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिले में कम जन्म वजन वाले शिशुओं की प्रतिशत दर का खंडवार विवरण उपलब्ध कराने तथा आगामी समीक्षा बैठक के लिए स्वास्थ्य मानकों पर विस्तृत प्रस्तुति तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना एवं नीति आयोग निधियों के उपयोग की भी समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को स्वीकृत कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और पूर्ण हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति का समुचित मूल्यांकन किया जा सके।

शिक्षा विभाग और बीमा योजनाओं पर विशेष फोकस

उपायुक्त ने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करियाँ के भवन निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्मित विद्यालय भवनों को विभाग के अधीन लेने और शिक्षा विभाग द्वारा ऑनलाइन अपलोड किए गए विभिन्न विवरणों में पाई जाने वाली भिन्नताओं की जांच कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अग्रणी बैंक प्रबंधक को प्रधानमंत्री जन सुरक्षा बीमा योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

विभिन्न विभागों ने प्रस्तुत की प्रगति रिपोर्ट

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, बाल विकास, वित्तीय समावेशन तथा कौशल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े मानकों की समीक्षा की गई। विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी साझा की। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने, निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति बनाए रखने तथा विकास कार्यों में आवश्यक गति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस भारद्वाज, प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता, जिला योजना अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी तविन्द्र चिनोरिया, उपनिदेशक शिक्षा विकास महाजन, उपनिदेशक उद्यान विभाग प्रमोद शाह, जिला कार्यक्रम अधिकारी कमल किशोर शर्मा, अग्रणी बैंक प्रबंधक डीसी चौहान, खंड विकास अधिकारी महेश चंद, बशीर खान, उप महाप्रबंधक एनएचपीसी जनेश कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: