Loading...

चंबा में पहली बार दौड़ीं इलेक्ट्रिक बसें, जिले को मिलीं 10 ई-बसें और 10 डीजल बसें

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

चंबा जिले में पहली बार 10 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो गया है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 19 सितंबर को पूजा-अर्चना के बाद इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने जिले को 10 डीजल बसें भी दीं। पहली इलेक्ट्रिक बस चंबा से माता श्री चिंतपूर्णी के लिए रवाना हुई, जो बनीखेत, दुनेरा, सदवां, नूरपुर, धमेटा और तलवाड़ा से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।

चंबा

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक बसों को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। प्रदेश के लिए उपयुक्त बस का प्रोटोटाइप तय करने में काफी समय लगा। उन्होंने बताया कि राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी इलेक्ट्रिक बसों का सफल संचालन हो रहा है और चालकों को इन्हें चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 297 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं और इनकी 12 वर्ष तक की मेंटिनेंस की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की है।

चालकों और परिचालकों की भर्ती की तैयारी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा में इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देगी। आने वाले समय में जिले में मिड्डी बसें भी चलाई जाएंगी। परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार निगम में जल्द चालकों और परिचालकों की भर्ती करेगी। उन्होंने जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी अधिकारियों से ली। उनके अनुसार इन योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है और निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाएगा।

ऑडिटोरियम और पार्किंग भवन का निरीक्षण

इलेक्ट्रिक बसों को रवाना करने के बाद मुकेश अग्निहोत्री ने कश्मीरी मोहल्ला स्थित श्री चंद्रशिला मंदिर में शीश नवाया। इसके बाद उन्होंने भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से 27.41 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इसे आगामी दो माह में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने आठ करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मल्टी स्टोरी कार पार्किंग भवन का निरीक्षण कर अधिकारियों को काम तय अवधि में पूरा करने के निर्देश भी दिए।

मंगला में निर्माणाधीन विश्राम गृह का जायजा

उप मुख्यमंत्री ने मंगला में जल शक्ति विभाग द्वारा करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे विश्राम गृह का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह भवन विभाग की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ पर्यटकों और आम लोगों के लिए उपयोगी होगा। कार्यक्रम में पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी, विधायक नीरज नैयर, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, सुरजीत सिंह भरमौरी, अमित भरमौरी, यशवंत खन्ना, लियाकत अली, सुनाभ सिंह पठानिया, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल और पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Topics: