Loading...

चम्बा में पक्काटाला-बालू संपर्क मार्ग के पुनर्निर्माण का प्राक्कलन शीघ्र तैयार करने के निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 48 Mins Ago • 1 Min Read

चम्बा में उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय पक्काटाला के समीप पक्काटाला-बालू संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और नगर परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों को सड़क के पुनर्निर्माण के लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में जल निकासी, खुले में कूड़ा फेंकने और स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

चम्बा

उपायुक्त ने पक्काटाला क्षेत्र में कूड़ा-कचरा निष्पादन की स्थिति का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में कूड़ा खुले में फेंका हुआ पाया गया। इस पर उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को खुले में कूड़ा फेंकने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरवासियों से कूड़ा खुले में न फेंकने और उसके उचित निष्पादन में नगर परिषद का सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि चम्बा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने लोक निर्माण विभाग को पक्काटाला क्षेत्र में वर्षा और अन्य जल की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाशने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र में पानी की निकासी के लिए उचित प्रावधान सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने पक्काटाला स्थित पशुपालन विभाग के कार्यालय परिसर में प्रस्तावित पशु जन्म नियंत्रण भवन के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया और नगर परिषद के अधिकारियों को इस संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने उपायुक्त को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी चिराग शर्मा, नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राशि कौशल, अधिशासी अभियंता कनाव बड़ोत्रा, पार्षद तन्नवी गोस्वामी, सहायक अभियंता दिनेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता नीतिका ठाकुर और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: