चंबा में 24 अक्तूबर को सजेगा रेड क्रॉस और ईट राइट मेला, रक्तदान शिविर भी लगेगा
चंबा में 24 अक्तूबर को जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले के साथ ईट राइट मेले का संयुक्त आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त एवं जिला रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष मुकेश रेपसवाल ने बताया कि मेले में रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य जनसेवा और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ आम लोगों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पौष्टिक आहार और सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करना है।
चंबा
बचत भवन चंबा में मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने बताया कि सरकारी विभागों, बैंकों, विद्युत परियोजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों और निजी संस्थाओं की ओर से प्रदर्शनियां तथा स्टॉल लगाए जाएंगे। सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भी स्टॉल लगाकर भागीदारी करेंगे। इन स्टॉलों पर खान-पान की सामग्री उपलब्ध कराने के साथ खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
स्थानीय व्यंजनों और पौष्टिक आहार को मिलेगा प्रोत्साहन
उपायुक्त ने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को मेले में विद्यार्थियों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय व्यंजनों और पौष्टिक आहार को विशेष रूप से प्रोत्साहित करने को कहा, ताकि लोगों को स्थानीय एवं स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों की जानकारी मिल सके। मेले में प्लास्टिक की प्लेटों के स्थान पर पत्तलों के उपयोग को बढ़ावा देने और आयोजन स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। जिले के सभी बाल देखभाल केंद्रों के बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
उपायुक्त ने कहा कि मेले की गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और आम लोगों को रेड क्रॉस के मानवीय सरोकारों, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पौष्टिक आहार तथा सामाजिक सेवा के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक की कार्यवाही सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह ने संचालित की। इसमें प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, एचआरटीसी, खाद्य सुरक्षा, पशुपालन, खेल और भाषा विभागों के अधिकारियों सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।