Loading...

Chhath Puja 2022: आज छठ पूजा का तीसरा दिन, डूबते हुए सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

SAPNA THAKUR 30 Oct 2022 Edited 30 Oct 1 min read

HNN/ नाहन

आज छठ महापर्व का तीसरा दिन है। आज के दिन छठी मइया की पूजा के लिए प्रसाद बनाया जाता है और शाम को सूर्यास्त के समय डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। बता दें, इस साल 28 अक्तूबर से छठ पूजा की शुरुआत हुई। इस पर्व की शुरुआत नहाय खाय के साथ होती है।

इसके बाद खरना, अर्घ्य और पारण किया जाता है। इसमें विशेष तौर पर सूर्य देवता और छठ माता की पूजा की जाती है। चार दिनों तक चलने वाले लोकास्था के महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है। आज के दिन डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। आज के दिन सूर्यास्त की शुरुआत 05 बजकर 34 मिनट पर होगी। इस समय व्रती महिलाएं सूर्य देव को अर्घ्य दे सकती हैं।

सूर्य देव को अर्घ्य देने की विधि
छठ पूजा में सूर्यदेव और छठी मइया की पूजा की जाती है।
षष्ठी तिथि पर सभी पूजन सामग्री को बांस के डाले और सूप में रख लें।
अब डाला लेकर नदी, तालाब या किसी घाट पर जाएं।
इसके बाद नदी, तालाब, घाट या किसी जल में प्रवेश करके मन ही मन सूर्य देव और छठी मैया को प्रणाम करें।
अब ढलते हुए सूर्य को अर्घ्य दें।
सूर्य को अर्घ्य देते समय “एहि सूर्य सहस्त्रांशो तेजोराशे जगत्पते, अनुकम्पय मां देवी गृहाणार्घ्यं दिवाकर” मंत्र का उच्चारण करें।