चिंतपूर्णी असूज नवरात्र मेला 11 से 20 अक्तूबर तक, चार सेक्टरों में बंटेगा क्षेत्र
माता श्री चिंतपूर्णी में असूज नवरात्र मेला 11 से 20 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल ने सोमवार को माईदास सदन में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, सफाई, पेयजल, बिजली और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटकर पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात किए जाएंगे।
ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल
एसडीएम पारस अग्रवाल ने बताया कि मेले के सफल संचालन के लिए एसडीएम अम्ब को मेला अधिकारी और डीएसपी अम्ब को पुलिस मेला अधिकारी तैनात किया जाएगा। पुलिस मेला अधिकारी की सहायता के लिए चार अन्य पुलिस अधिकारी भी ड्यूटी पर रहेंगे, जबकि एसएमओ चिकित्सा अधिकारी के रूप में सेवाएं देंगे। चारों सेक्टरों में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस और होमगार्ड जवानों की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक सेक्टर में सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए एक-एक सुपरवाइजर भी नियुक्त होगा।
पेयजल, बिजली और अग्निशमन व्यवस्था के निर्देश
एसडीएम ने जल शक्ति विभाग को मेले से पहले पेयजल टैंकों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं के लिए चार स्थानों पर प्याऊ भी स्थापित किए जाएंगे। विद्युत विभाग को मेले के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया है। अग्निशमन विभाग को वाहनों की स्थिति जांचने और किसी तरह की खराबी होने पर मेले से पहले उनका निरीक्षण एवं मरम्मत करवाने के निर्देश दिए गए। खराब हाइड्रेंट को जल्द ठीक करवाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए भी कहा गया है।
भिक्षावृत्ति पर निगरानी, दर्शन पर्ची की व्यवस्था
मेले के दौरान भिक्षावृत्ति पर नजर रखने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स गठित की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि बच्चों से भीख मंगवाते हुए कोई व्यक्ति पकड़ा गया तो उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं को माता के दर्शनों के लिए दर्शन पर्ची माईदास सदन, शंभू बैरियर और एमआरसी में उपलब्ध होगी। मेले में लंगर लगाने के लिए अनुमति लेना अनिवार्य रहेगा। तैयारियों से संबंधित इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।