चौकीमन्यार कॉलेज में छात्रों को कचरा पृथक्करण और पुनर्चक्रण का संदेश
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में राष्ट्रीय सेवा योजना और रोड सेफ्टी क्लब ने पर्यावरण संरक्षण एवं कचरा निपटान पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरे के उचित प्रबंधन और पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराना था। इस दौरान विद्यार्थियों को गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने तथा प्लास्टिक का अनावश्यक उपयोग कम करने के लिए प्रेरित किया गया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
कार्यक्रम में महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या प्रो. कविता कौशल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और समाज में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कचरे के उचित निपटान की दी जानकारी
विशेष व्याख्यान में प्रो. नवीन शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कचरे का सही प्रबंधन पर्यावरण प्रदूषण कम करने के साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में सामूहिक सहभागिता और दैनिक आदतों में सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया गया। इस अवसर पर डॉ. रामकुमार नेगी सहित अन्य प्राध्यापक और कार्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे।