Loading...

मुख्यमंत्री सुक्खू ने चंबा में खोखे की दुकान पर कटवाए बाल, दुकानदार से बातचीत कर दिया पक्की दुकानों का भरोसा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का चंबा दौरे के दौरान अलग अंदाज देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के समापन के बाद मुख्यमंत्री ओल्ड बस स्टैंड स्थित एक खोखे में संचालित हेयर कटिंग की दुकान पर पहुंचे और वहीं बाल कटवाए। इस दौरान उन्होंने दुकानदार से बातचीत कर उसकी आजीविका और परिवार की जानकारी ली तथा खोखाधारकों के लिए पक्की दुकानों के निर्माण का भरोसा भी दिया।

चंबा

दुकानदार विनोद ने बताया कि मुख्यमंत्री के अचानक दुकान पर पहुंचने से वह भी हैरान रह गया। मुख्यमंत्री ने सामान्य ग्राहक की तरह कुर्सी पर बैठकर बाल कटवाए और बातचीत के दौरान परिवार तथा कामकाज के बारे में पूछा। विनोद ने बताया कि पहले बस स्टैंड पास होने के कारण अच्छी आमदनी होती थी, लेकिन अब काम पहले की तुलना में कम हो गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां खोखाधारकों के लिए 25 पक्की दुकानें बनाई जाएंगी।

बाल कटवाने के बाद दिए 500 रुपये और भेंट की टोपी

विनोद के अनुसार बाल कटवाने के बाद जब मुख्यमंत्री ने पैसे देने चाहे तो उन्होंने लेने से मना कर दिया। इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने 500 रुपये का नोट देकर मेहनत का सम्मान किया। साथ ही अपने सिर पर पहनी हुई हिमाचली टोपी भी उन्हें भेंट की। इस दौरान स्थानीय विधायक नीरज नैय्यर और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के व्यवहार की होती रही चर्चा

मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की पूरे चंबा शहर में चर्चा रही। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया संदेश में भी छोटे दुकानदारों के श्रम और सेवा-भाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मेहनतकश लोगों का योगदान समाज के लिए महत्वपूर्ण है और उन्हें सम्मान मिलना चाहिए।