Loading...

चंबा के अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का पारंपरिक शोभायात्रा के साथ समापन, मुख्यमंत्री ने किया मिंजर विसर्जन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 5 Hours Ago • 1 Min Read

चंबा में आयोजित सप्ताहभर चलने वाले अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अखंड चंडी पैलेस से मंजरी गार्डन तक निकाली गई पारंपरिक मिंजर शोभायात्रा का नेतृत्व किया। इसके बाद उन्होंने परंपरा के अनुसार रावी नदी में मिंजर का विसर्जन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा अच्छी फसल की कामना की।

चंबा

मुख्यमंत्री स्थानीय देवी-देवताओं की शोभायात्रा में भी शामिल हुए। इस दौरान सांस्कृतिक दलों, पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला एवं पुरुषों, पर्यटकों, पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाने वाले कलाकारों तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड के दलों ने भाग लिया। पूरे आयोजन में चंबा की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और लोक संस्कृति की आकर्षक झलक देखने को मिली।

परंपरा के अनुसार रावी नदी में किया मिंजर विसर्जन

सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए मुख्यमंत्री ने लाल वस्त्र में बंधे नारियल, मौसमी फल और सिक्कों सहित मिंजर को रावी नदी को अर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश और देश में शांति, समृद्धि तथा अच्छी फसल की कामना की। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी धार्मिक परंपराओं के अनुसार कार्यक्रम में भाग लिया।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना, अमित भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शोभायात्रा में शामिल रहे।

Related Topics: