Loading...

Crime: कुल्लू में 7,200 अवैध बीयर बोतलें जब्त, चालक नहीं दिखा सका वैध दस्तावेज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Crime: कुल्लू-मनाली फोरलेन पर जरड के पास आबकारी एवं कराधान विभाग ने एक ट्रक से 500 पेटियों में रखी 7,200 अवैध बीयर बोतलें बरामद की हैं। चालक शराब के परिवहन से संबंधित वैध पास, परमिट और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने बीयर और ट्रक को कब्जे में लेकर भुंतर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।

कुल्लू

आबकारी विभाग की टीम ने 3 सितंबर की सुबह करीब 7:40 बजे जरड में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के पास नाकाबंदी की थी। जांच के दौरान एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी संख्या में बीयर की पेटियां मिलीं। बरामद बीयर पर पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित होने का उल्लेख था। इसके बाद टीम ने चालक से माल के परिवहन की अनुमति से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन वह संतोषजनक और वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया।

तीन ब्रांड की 500 पेटियां बरामद

विभाग के अनुसार ट्रक से ट्यूबॉर्ग स्ट्रॉन्ग की 650 मिलीलीटर वाली 294 पेटियां, बडवाइजर मैग्नम की 500 मिलीलीटर वाली 100 पेटियां और किंगफिशर स्ट्रॉन्ग की 650 मिलीलीटर वाली 106 पेटियां बरामद हुईं। कुल 500 पेटियों में 650 मिलीलीटर की 4,800 और 500 मिलीलीटर की 2,400 बोतलें थीं। इस तरह जब्त की गई बीयर की कुल संख्या 7,200 बोतलें दर्ज की गई है।

कार्रवाई के दौरान जिला कुल्लू के सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी सुरेश शर्मा, बंजार वृत्त के सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी गंगाराम, आबकारी पुलिस आरक्षी अशोक कुमार और चालक सुरेश कुमार मौजूद रहे। शराब और संबंधित वाहन को नियमानुसार कब्जे में लिया गया है। मामले में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39(1) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

आबकारी उपायुक्त गगनेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब की यह खेप पकड़ी गई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता तथा त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उनके अनुसार अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विभाग का जांच और प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Topics: