धर्मशाला नगर निगम के 17 नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
धर्मशाला नगर निगम के नवनिर्वाचित 17 पार्षदों ने मिनी सचिवालय में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के बाद महापौर एवं उपमहापौर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन आवश्यक कोरम पूरा नहीं होने के कारण निर्वाचन संपन्न नहीं हो सका।
धर्मशाला
17 नवनिर्वाचित पार्षदों ने संभाली जिम्मेदारी
धर्मशाला नगर निगम के नवनिर्वाचित 17 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को मिनी सचिवालय स्थित कैबिनेट हॉल में आयोजित किया गया। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने सभी निर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र के संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास के लिए सभी पार्षदों को सामूहिक रूप से कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्वाचित प्रतिनिधि नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे और नगर निगम के विभिन्न विकासात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
सभी 17 वार्डों के निर्वाचित पार्षद रहे उपस्थित
शपथ ग्रहण समारोह में वार्ड-1 फरसेटगंज से रेखा देवी, वार्ड-2 भागसूनाग से शमशेर नेहरिया, वार्ड-3 मैकलोडगंज से आशा देवी, वार्ड-4 कश्मीर हाउस से नीनू शर्मा, वार्ड-5 खजांची मोहल्ला से शैलजा, वार्ड-6 कोतवाली बाजार से करिश्मा छेत्री, वार्ड-7 सचिवालय से आशु, वार्ड-8 खेल परिसर से प्रेरणा गुलेरिया, वार्ड-9 सकोह से नरेश कुमार, वार्ड-10 श्यामनगर से सुदेश शास्त्री, वार्ड-11 रामनगर से अनुराग, वार्ड-12 बड़ोल से मीना कुमारी, वार्ड-13 दाड़ी से हर्ष ओबरॉय, वार्ड-14 कंड से अनोज बिष्ट, वार्ड-15 खनियारा से परवीन कुमार, वार्ड-16 सिद्धपुर से अनुपम कटोच तथा वार्ड-17 सिद्धबाड़ी से विशाल जम्वाल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर सभी निर्वाचित पार्षदों ने नगर निगम क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
महापौर और उपमहापौर का चुनाव नहीं हो सका
शपथ ग्रहण के उपरांत महापौर एवं उपमहापौर के निर्वाचन की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई। हालांकि आवश्यक कोरम पूरा नहीं होने के कारण चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी नहीं हो सकी। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन की आगामी प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाई जाएगी और इसके लिए अलग से कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा।
अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
समारोह में विधायक सुधीर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर निगम आयुक्त जफर इकबाल, संयुक्त आयुक्त सुरेंद्र कटोच, एसडीएम मोहित रत्न सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। समारोह प्रशासनिक प्रक्रिया के अनुसार संपन्न हुआ।
