Loading...

चंबा के चौगान नंबर-1 में सितंबर में आयोजित होगा ईट राइट मेला

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

चंबा जिला मुख्यालय के चौगान नंबर-1 में सितंबर माह के दौरान ईट राइट मेले का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने तैयारियों की समीक्षा बैठक में बताया कि मेले का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ, स्वास्थ्यवर्धक और पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक करने के साथ स्थानीय एवं पारंपरिक पौष्टिक व्यंजनों को बढ़ावा देना है।

चंबा

उपायुक्त ने बताया कि मेले में स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, व्यापार मंडल और होटल व्यवसायियों की ओर से चंबा के स्वास्थ्यवर्धक स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां भी लगेंगी, जिनमें स्वास्थ्य और पोषण से संबंधित जानकारी देने के साथ स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

मेले के दौरान मिनी मैराथन, साइकिलिंग रेस, म्यूजिकल चेयर, रस्साकशी, तम्बोला और बच्चों के लिए जंपिंग शो जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मिनी मैराथन सुबह छह बजे चौगान नंबर-1 से शुरू होगी। इसमें अंडर-18 और इससे अधिक आयु के पुरुष एवं महिला वर्ग भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम में योग अभ्यास भी करवाया जाएगा, जिससे लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा सके।

शेफ और स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता भी होगी

मेले में स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी और विजेता शिशुओं तथा उनके अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा। स्थानीय एवं पौष्टिक व्यंजनों को प्रोत्साहित करने के लिए शेफ प्रतियोगिता और होम रेसिपी प्रतियोगिता भी होगी। इसके साथ ही चंबा की लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने मेले के आयोजन और विभिन्न गतिविधियों को लेकर अपने सुझाव भी दिए।

बैठक की कार्यवाही का संचालन आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक राजआनंद ने किया। इस अवसर पर एसडीएम चिराग शर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, उपनिदेशक कृषि डॉ. भूपेंद्र सिंह, उद्यान विभाग से डॉ. प्रमोद शाह, जिला विकास अधिकारी तिवेन्द्रर चौनेरिया, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल पंकज गुप्ता, खंड विकास अधिकारी महेश चंद, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा और ओसड़ी उमाकांत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: