Loading...

Election / त्रुटिरहित और निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षण बेहद जरूरी : मनमोहन शर्मा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 7 Hours Ago • 1 Min Read

Election : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि नगर निकाय निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न करवाने में पीठासीन अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों और पोलिंग अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है।

सोलन

मनमोहन शर्मा नगर निगम सोलन के सभी 17 वार्डों के चुनावों के लिए आयोजित द्वितीय चरण के पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में दी गई सभी जानकारियों और दिशा-निर्देशों को गंभीरता से समझकर उनका पालन किया जाना चाहिए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया बिना किसी विवाद और त्रुटि के सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।

उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन ड्यूटी के दौरान निष्पक्षता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी पीठासीन अधिकारी, सेक्टर अधिकारी या पोलिंग अधिकारी का कोई रिश्तेदार संबंधित वार्ड से चुनाव लड़ रहा हो और उसी वार्ड में उनकी ड्यूटी लगी हो, तो इसकी सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी जाए ताकि समय रहते उनकी ड्यूटी बदली जा सके।

216 अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया प्रशिक्षण

मनमोहन शर्मा ने बताया कि नगर निगम सोलन के 17 वार्डों के लिए 54 निर्वाचन दल गठित किए गए हैं। इन दलों में शामिल 216 अधिकारियों और कर्मचारियों ने द्वितीय चरण के पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण में भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, दस्तावेजी कार्यवाही और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान, मास्टर ट्रेनर सहित प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।