Election / कांग्रेस सरकार की गारंटियां पूरी तरह फेल, जनता कमल का बटन दबाकर देगी जवाब : श्रीकांत शर्मा
Election : भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने पालमपुर नगर निगम चुनाव को लेकर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का कांग्रेस सरकार से विश्वास उठ चुका है और चुनावों में दी गई गारंटियां पूरी तरह फेल साबित हुई हैं।
पालमपुर
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी विश्वसनीयता पूरी तरह खो चुकी है और प्रदेश की जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम जनता से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय केवल झूठे आश्वासन देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले नगर निगम चुनावों में जनता कमल के फूल का बटन दबाकर कांग्रेस को करारा जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा पालमपुर नगर निगम के लिए स्पष्ट विकास दृष्टि और ठोस संकल्प लेकर जनता के बीच पहुंची है। भाजपा के संकल्प पत्र में ट्रैफिक, पार्किंग, स्वच्छता, महिला सुरक्षा, पर्यटन और आधुनिक शहरी सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। भाजपा ने संकल्प लिया है कि नगर निगम में जीत के बाद पूरे क्षेत्र का एरियल सैटेलाइट सर्वे करवाकर ट्रैफिक और पार्किंग जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।
पालमपुर के लिए 5000 करोड़ रुपये के मास्टर प्लान का दावा
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सहयोग से पालमपुर के लिए 5000 करोड़ रुपये के बड़े विकासात्मक मास्टर प्लान पर कार्य किया जाएगा। इसके तहत शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अंडरपास, पुल और फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। प्रत्येक वार्ड में आधुनिक पार्किंग सुविधा विकसित करने के साथ सार्वजनिक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा पालमपुर को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए हर वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि चौबीस घंटे निगरानी सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा युवाओं और बच्चों के लिए ओपन जिम और चिल्ड्रन पार्क विकसित किए जाएंगे, जबकि बुजुर्गों के लिए विशेष पार्क बनाए जाएंगे।
पर्यटन और रोजगार पर भी रहेगा फोकस
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पालमपुर को पर्यटन के क्षेत्र में भी विकसित किया जाएगा। टैक्सी चालकों, व्यापारियों और होटल संचालकों के सहयोग से पर्यटन सर्किट तैयार किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पालमपुर के चारों प्रवेश द्वारों को शहीदों के नाम पर विकसित किया जाएगा तथा वीरभूमि पालमपुर में शहीद स्मारक का निर्माण भी किया जाएगा।
श्रीकांत शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर भाजपा के संकल्प पत्र और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं तथा नगर निगम चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं।