Loading...

FASTag / दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शुरू हुआ बैरियर-फ्री टोल सिस्टम, बिना रुके कटेगा टोल टैक्स

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Aug 2026 • 1 Min Read

FASTag / दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर 1 अगस्त से मल्टी-लेन फ्री-फ्लो (MLFF) बैरियर-फ्री टोल सिस्टम लागू कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा पर बैरियर हटाकर वाहनों को बिना रुके गुजरने की सुविधा दी गई है। टोल शुल्क वाहन के FASTag से स्वतः कट जाएगा, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और ट्रैफिक जाम में भी कमी आएगी।

नई दिल्ली

कैसे करेगा नया MLFF टोल सिस्टम काम

नई व्यवस्था में सड़क के ऊपर लगाए गए गैंट्री पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे और हाई-स्पीड RFID स्कैनर लगाए गए हैं। जैसे ही वाहन इनके नीचे से गुजरेंगे, कैमरे नंबर प्लेट और FASTag दोनों को स्कैन करेंगे और निर्धारित टोल राशि स्वतः FASTag वॉलेट से कट जाएगी। इसके लिए वाहन को रोकने या गति कम करने की आवश्यकता नहीं होगी।

बैलेंस नहीं होने पर लगेगा दोगुना शुल्क

यदि किसी वाहन के FASTag में पर्याप्त बैलेंस नहीं होगा, FASTag अमान्य होगा या वाहन बिना FASTag के MLFF गैंट्री से गुजरेगा, तो संबंधित वाहन मालिक को ई-नोटिस जारी किया जाएगा। बकाया टोल जमा करने के लिए 72 घंटे का समय मिलेगा। निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने पर सामान्य टोल शुल्क का दोगुना भुगतान करना होगा।

यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा

एनएच-48 देश के सबसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्गों में शामिल है। नई व्यवस्था लागू होने से टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी। लगातार वाहन चलते रहने से ईंधन की बचत होगी, यात्रा का समय घटेगा और टोल प्लाजा के आसपास होने वाले प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।

Related Topics: