निर्मल हेल्थ में घुटनों की गठिया पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ परामर्श के लिए उमड़े मरीज
निर्मल हेल्थ सर्विसेज में ओजस हॉस्पिटल पंचकूला के सहयोग से घुटनों की गठिया और हड्डियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 32 मरीजों की विशेषज्ञ जांच की गई, जबकि कई लोगों ने बीएमडी टेस्ट और फिजियोथेरेपी परामर्श का लाभ उठाया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने मरीजों को जोड़ों और हड्डियों की समस्याओं से बचाव एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।
नाहन
निर्मल हेल्थ सर्विसेज में मंगलवार को ओजस हॉस्पिटल पंचकूला के सहयोग से घुटनों की गठिया (अर्थराइटिस) एवं हड्डियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया।शिविर के दौरान कुल 32 मरीजों की जांच वरिष्ठ आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. अनमोल शर्मा द्वारा की गई। वहीं 26 लोगों का बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) टेस्ट किया गया, जबकि 12 मरीजों ने फिजियोथेरेपी परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया। चिकित्सकों ने मरीजों को घुटनों के दर्द, गठिया और हड्डियों की कमजोरी से बचाव एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।
निर्मल हेल्थ सर्विसेज के निदेशक डॉ. सबलोक ने बताया कि बदलती जीवनशैली और बढ़ती उम्र के साथ जोड़ों एवं घुटनों की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में समय पर जांच और विशेषज्ञ सलाह से बीमारी की गंभीरता को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराना था।शिविर में पहुंचे लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से अपनी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी प्राप्त की। मरीजों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लोगों के लिए लाभदायक बताया।
डॉ. सबलोक ने बताया कि भविष्य में भी निर्मल हेल्थ सर्विसेज द्वारा जनहित में ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
