Loading...

गिरिपार में पांच दिन तक दिवाली का उल्लास, मूड़ा-अस्कली से लेकर सासू की भेंट तक जीवंत रहीं सदियों पुरानी परंपराएं

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 Hours Ago • 1 Min Read

देव जागरण, घन्ने, करियाला और पारंपरिक पकवानों ने बिखेरे लोक संस्कृति के रंग, भैया दूज पर दामादों ने सासू मां के चरणों में भेंट कर लिया आशीर्वाद

राजगढ़

जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में दिवाली का पर्व केवल दीप जलाने और मिठाइयां बांटने तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां पांच दिनों तक चलने वाला यह उत्सव सदियों पुरानी लोक संस्कृति, देव आस्था, पारिवारिक रिश्तों और ग्रामीण जीवन की अनूठी परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। राजगढ़ क्षेत्र में पांच दिवसीय दिवाली पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस दौरान कहीं पहाड़ी रसोई में मूड़ा, अस्कली, पटांडे, सिड्डू और खीर की खुशबू बिखरी, तो कहीं देव जागरण, घन्ने, भजन-कीर्तन और करियाला जैसी लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने रातभर समां बांधे रखा।

पर्व की शुरुआत छोटी दिवाली से दो दिन पहले मड़ेगो यानी मूड़ा बनाने की परंपरा से होती है। इस दिन घरों में काले चने, राजमा, गेहूं और अन्य अनाजों से पारंपरिक मूड़ा तैयार किया जाता है। अगले दिन छोटी दिवाली पर अस्कलियां बनाई जाती हैं, जिन्हें घी, शक्कर और शहद के साथ परोसने की परंपरा है। दिवाली के दिन घरों में पटांडे, खीर सहित अनेक पारंपरिक पकवान तैयार होते हैं। क्षेत्र के कुछ गांवों में देसी घी के साथ परोसे जाने वाले सिड्डू भी इस पर्व के विशेष आकर्षण रहते हैं।

धार्मिक परंपराओं के तहत विभिन्न गांवों में कुलदेवताओं और इष्ट देवताओं के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। देवस्थानों को दीपमाला से सजाया जाता है तथा बलिराज के प्रतीक द्वालठा का दहन किया जाता है। कई गांवों में देव जागरण के लिए रातभर घन्ने आयोजित होते हैं। इनमें ग्रामीण एकत्रित होकर देवी-देवताओं का गुणगान करते हैं। धार्मिक चर्चाओं के साथ हास्य-विनोद, भजन-कीर्तन, ड्रामा और करियाला जैसी पारंपरिक प्रस्तुतियां भी इन आयोजनों को विशेष बनाती हैं।

दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा पर कृषि संस्कृति से जुड़ी परंपराएं निभाई जाती हैं। किसान अपने हल, जुगड़ा और खेतीबाड़ी में इस्तेमाल होने वाले अन्य औजारों के साथ वाहनों की भी पूजा करते हैं। इस दिन खिचड़ी तैयार कर देवी-देवताओं को अर्पित की जाती है। यह परंपरा खेती और पशुधन आधारित ग्रामीण जीवन में कृषि उपकरणों के महत्व को भी दर्शाती है।

पांच दिवसीय पर्व का अंतिम दिन भैया दूज पारिवारिक रिश्तों की मिठास और सामाजिक परंपराओं के नाम रहता है। गिरिपार के राजगढ़ क्षेत्र में इस दिन सासू मां से भेंट करने की अनूठी रस्म निभाई जाती है। जिन परिवारों में बेटियों का विवाह हुआ है, वहां दामाद विशेष रूप से अपनी सासू मां से मिलने पहुंचते हैं। वे अखरोट, खील और मिठाइयां भेंट कर सासू मां के चरणों में शीश नवाते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। यह परंपरा रिश्तों में सम्मान, अपनत्व और पारिवारिक जुड़ाव का सुंदर उदाहरण है।

क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक रणजीत तोमर, लेखराम कश्यप और कुशल तोमर ने बताया कि गिरिपार की पांच दिवसीय दिवाली में प्रत्येक दिन का अपना धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। उन्होंने कहा कि यह पर्व नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, पूर्वजों की परंपराओं और पहाड़ी लोक संस्कृति से जोड़ने का माध्यम भी है। आधुनिकता के दौर में भी ग्रामीणों द्वारा इन परंपराओं को उत्साह से निभाना क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की मिसाल है।

Related Topics: • •