गिरिपार में सप्ताहभर चलती है दिवाली, बुड़ेछू नृत्य और बैल पूजन से जीवंत रहती हैं सदियों पुरानी परंपराएं
जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में दीपावली केवल एक दिन का पर्व नहीं, बल्कि सदियों पुरानी लोक संस्कृति, परंपराओं और सामुदायिक उल्लास से जुड़ा सप्ताहभर चलने वाला उत्सव है। देश के अधिकांश हिस्सों में जहां दीपावली का उल्लास एक-दो दिन में सिमट जाता है, वहीं गिरिपार में चौदस से शुरू होने वाला यह पर्व अवांस, पोड़ोई, दूज, तीज और चौथ तक अलग-अलग परंपराओं के साथ मनाया जाता है। यहां की दिवाली में बुड़ेछू नृत्य, वीर गाथाओं का गायन, कुल देवताओं की पूजा, बैल पूजन और पारंपरिक पकवानों का विशेष महत्व है।
संगड़ाह
बुड़ेछू नृत्य, वीर गाथाओं का गायन और सास-दामाद दूज हैं उत्सव की खास पहचान | पोड़ोई पर गौवंश को परोसे जाते हैं पारंपरिक पकवान
शनिवार को चौदस के साथ पर्व की शुरुआत हुई, जबकि रविवार को अवांस यानी बड़ी दिवाली पारंपरिक उल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान विभिन्न गांवों में बुड़ेछू लोक नृत्य की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। सोमवार को पोड़ोई पर्व पर कुल देवताओं के साथ गौवंश और बैलों की पूजा-अर्चना की परंपरा निभाई गई। इस अवसर पर पशुधन को विशेष रूप से तैयार किए गए पारंपरिक व्यंजन और पकवान परोसे गए।
गिरिपार की दिवाली की सबसे विशिष्ट पहचान यहां का बुड़ेछू अथवा बुड़ियाचू नृत्य है। विशेष समुदाय से संबंध रखने वाले पारंपरिक लोक कलाकारों के दल गांव-गांव जाकर होकू, सिंघा वजीर, चाय गीत, नतीराम और जगदेव जैसी वीर गाथाओं का गायन करते हैं। इसके साथ ही सिरमौरी लोक धुनों पर तेज लय में बूढ़ा नृत्य प्रस्तुत किया जाता है। मान्यता और परंपरा के अनुसार यह नृत्य मुख्य रूप से बड़ी दिवाली और बूढ़ी दिवाली के अवसर पर ही किया जाता है। बुड़ेछू दल के कलाकारों को ग्रामीण नकद बख्शीश देने के साथ घी के साथ खाए जाने वाले पारंपरिक व्यंजन भी परोसते हैं। इस आतिथ्य परंपरा को स्थानीय भाषा में ‘ठिल्ला’ कहा जाता है।
पर्व के दौरान हर दिन पारंपरिक खानपान का अलग रंग देखने को मिलता है। अस्कली, धोरोटी, पटांडे, सीड़ो और तेलपकी जैसे स्थानीय व्यंजन दिवाली के उत्सव को खास बनाते हैं। वहीं दूज के अवसर पर सास और दामाद से जुड़ी विशेष परंपरा निभाई जाती है। दामाद अपनी सास को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इसके अलावा तीज और चौथ तक कई गांवों में सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होता है। कुछ स्थानों पर रामायण और महाभारत के प्रसंगों का मंचन भी किया जाता है।
गिरिपार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले संगड़ाह, शिलाई, कफोटा और राजगढ़ उपमंडलों की करीब 155 पंचायतों में आज भी दीपावली इसी पारंपरिक अंदाज में मनाई जाती है। खास बात यह है कि कुछ दशक पहले तक यह उत्सव बिना पटाखों के पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाया जाता था, लेकिन अब आधुनिकता और दूसरे क्षेत्रों की देखा-देखी आतिशबाजी भी इसका हिस्सा बन गई है।
बूढ़ी दिवाली का भी है अलग महत्व
गिरिपार की सांस्कृतिक विशिष्टता केवल बड़ी दिवाली तक सीमित नहीं है। दीपावली के करीब एक माह बाद अमावस्या से क्षेत्र के कई गांवों में सप्ताहभर चलने वाली बूढ़ी दिवाली का आयोजन होता है। कुछ गांवों में इसे मशराली के नाम से भी जाना जाता है। इस दौरान भी पारंपरिक लोकनृत्य, वीर गाथाओं के गायन और सामूहिक उत्सव की परंपराएं जीवंत हो उठती हैं।
गिरिपार की लोक संस्कृति की खासियत यह है कि यहां दीपावली के अलावा लोहड़ी, गूगा नवमी, ऋषि पंचमी और बैसाखी जैसे त्योहार भी अपनी विशिष्ट स्थानीय परंपराओं के साथ मनाए जाते हैं। यही वजह है कि सिरमौर का यह क्षेत्र आज भी अपनी समृद्ध लोक विरासत और सदियों पुराने सांस्कृतिक स्वरूप को संजोए हुए है।