हादसा / मंडी में घास काटते समय खाई में गिरी महिला, 200 मीटर नीचे मिला शव
हादसा / मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कल्हणी के जांओ गांव में घास काटते समय खाई में गिरने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान जांओ निवासी तुलसी देवी पत्नी उत्तम चंद के रूप में हुई है। ग्रामीणों को उनका शव घटनास्थल से करीब 200 मीटर नीचे झाड़ियों में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडी अस्पताल भेज दिया है।
मंडी/कल्हणी
जानकारी के अनुसार, तुलसी देवी शनिवार को मवेशियों के लिए घास काटने घर से निकली थीं। पहाड़ी पर घास काटते समय अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे संतुलन बिगड़ने के बाद वह गहरी खाई में जा गिरीं। शाम तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पहाड़ी पर महिला के गिरने के निशान दिखाई दिए।
ग्रामीणों ने निशानों के आधार पर खाई में करीब 200 मीटर नीचे तक तलाश की, जहां झाड़ियों में तुलसी देवी का शव मिला। कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। ग्राम पंचायत कल्हणी की प्रधान द्रोपती देवी ने बताया कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मंडी अस्पताल भेजा है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।