Loading...

हरिपुरधार बाजार का कूड़ा कुफर कैन्थू पंचायत क्षेत्र में फेंके जाने पर ग्रामीणों में रोष

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 49 Mins Ago • 1 Min Read

हरिपुरधार बाजार से निकलने वाले कूड़े को ग्राम पंचायत कुफर कैन्थू के क्षेत्र में फेंके जाने को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि बाजार से निकलने वाले कूड़े का उचित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने के बजाय उसे पंचायत क्षेत्र में खुले में डाला जा रहा है। इससे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैलने के साथ-साथ आसपास के जलस्रोतों, पशुधन और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।

हरिपुरधार/संगड़ाह

ग्रामीणों के अनुसार खुले में कूड़ा फेंके जाने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान कूड़े से निकलने वाला गंदा पानी आसपास के क्षेत्रों और जलस्रोतों तक पहुंचने की आशंका भी ग्रामीणों ने जताई है। इससे पेयजल स्रोतों के दूषित होने तथा संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।

मामले को लेकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रशासन के समक्ष अपनी चिंता रखी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि कुफर कैन्थू पंचायत क्षेत्र में पहले से डाले गए कूड़े को तत्काल हटाया जाए और भविष्य में यहां हरिपुरधार बाजार का कूड़ा डालने पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि किसी एक क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखने के लिए दूसरे पंचायत क्षेत्र को कूड़ा डंपिंग स्थल बनाना उचित नहीं है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से हरिपुरधार बाजार के कूड़े के लिए उचित एवं वैज्ञानिक निस्तारण व्यवस्था स्थापित करने की मांग की है। उनका कहना है कि कूड़े का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को गंदगी, दुर्गंध और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।

ग्रामीणों ने मौके का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि स्वच्छ वातावरण और पेयजल स्रोतों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।

इस दौरान भवाई पंचायत के पूर्व उपप्रधान विजय किशन, रुक्मी देवी, आशा देवी, सुमोटी देवी, बिमला देवी, द्वारिका देवी, कौशायला देवी, पूनम, नीलम, मीरा, कमला देवी, दिनेश, वंशी राम, हरिचंद, विपतानंद, नारायण सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। मौके पर पटवारी संतराम शर्मा और कानूनगो फील्ड मनोज शर्मा भी मौजूद रहे।