हरोली में जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश
हरोली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली और खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से जिला कल्याण अधिकारी ऊना द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नौवीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित ने बताया कि जागरूकता रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, विद्यालय और समाज में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उनमें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना था।

आवास पंडित ने बताया कि युवाओं को खेल और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में तहसील कल्याण अधिकारी ऊना जितेन्द्र शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली के प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार, विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।