Health / आईजीएमसी और चमियाना के 159 डॉक्टर दो चरणों में समर वेकेशन पर, अस्पतालों ने जारी किया शेड्यूल
Health : इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना के कुल 159 प्रोफेसर चिकित्सक एवं सीनियर रेजिडेंट 22 जुलाई से दो चरणों में समर वेकेशन पर जाएंगे। अस्पताल प्रबंधन ने अवकाश का शेड्यूल जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि चिकित्सकों की छुट्टियां चरणबद्ध तरीके से होंगी, ताकि मरीजों को उपचार सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा सकें।
दो चरणों में रहेगा चिकित्सकों का अवकाश
जारी कार्यक्रम के अनुसार समर वेकेशन का पहला चरण 22 से 28 जुलाई तक और दूसरा चरण 30 जुलाई से 5 अगस्त तक रहेगा। 29 जुलाई को कॉमन-डे घोषित किया गया है, जिस दिन सभी चिकित्सक अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहेंगे। पहले चरण में आईजीएमसी के 131 तथा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना के 28 चिकित्सक एवं सीनियर रेजिडेंट अवकाश पर रहेंगे। अस्पताल प्रशासन ने आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए वैकल्पिक ड्यूटी व्यवस्था भी बनाई है।
मरीजों को हो सकती है कुछ असुविधा
चिकित्सकों के चरणबद्ध अवकाश के दौरान अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। विशेष रूप से पहले से उपचाराधीन मरीजों पर इसका प्रभाव पड़ने की संभावना है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि दोनों चरणों के दौरान अन्य चिकित्सक अपनी सेवाएं देते रहेंगे और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध रहेंगी। विभिन्न विभागों के प्रोफेसर, विशेषज्ञ चिकित्सक और सीनियर रेजिडेंट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अवकाश पर रहेंगे।