Loading...

नाहन / बारिश में मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी की खुली पोल, सीलिंग टूटी और वार्ड में भर गया पानी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 29 Jun 2026 • 1 Min Read

नाहन स्थित मेडिकल कॉलेज में रविवार को हुई तेज बारिश के बाद इमरजेंसी वार्ड की सीलिंग का एक हिस्सा टूटकर गिर गया, जिससे वार्ड के भीतर पानी भर गया। घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों और स्टाफ के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात रही कि सीलिंग का हिस्सा किसी मरीज पर नहीं गिरा और बड़ा हादसा टल गया।

नाहन

रविवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश और तेज हवाओं ने मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए। बारिश के दौरान इमरजेंसी वार्ड की सीलिंग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया, जिसके बाद छत से लगातार पानी वार्ड के भीतर आने लगा। कुछ ही देर में वार्ड के अंदर पानी जमा हो गया, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह पहली बार नहीं है जब बारिश के दौरान मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में इस तरह की स्थिति बनी हो। इससे पहले भी कई बार छत से पानी टपकने और सीलिंग के हिस्से क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। परिणामस्वरूप प्रत्येक बरसात में अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति पैदा हो जाती है।

वार्ड के भीतर पानी पहुंचने से कुछ समय के लिए उपचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि इमरजेंसी जैसे अत्यंत संवेदनशील विभाग में हर वर्ष बरसात के दौरान उत्पन्न होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान आखिर अब तक क्यों नहीं किया गया। यह स्थिति मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल के रखरखाव को लेकर गंभीर चिंताएं भी पैदा करती है।

इस संबंध में मेडिकल कॉलेज की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Related Topics: