हिमाचल को मिले 46 नए अग्निशमन वाहन, सीएम सुक्खू ने दिखाई हरी झंडी ; 37 और खरीदने की तैयारी
हिमाचल प्रदेश में आग और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए 46 नए त्वरित प्रतिक्रिया अग्निशमन वाहन विभिन्न जिलों को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सरकार ने 37 अतिरिक्त अग्निशमन वाहनों की खरीद प्रक्रिया भी शुरू कर रखी है।
शिमला
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि नए वाहनों से आग और आपदा की घटनाओं के दौरान अग्निशमन इकाइयों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शीघ्र शुरू करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और किसी भी आपदा या आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए अग्निशमन तथा आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करना आवश्यक है।
शिमला को मिले सबसे अधिक नौ वाहन
नए त्वरित प्रतिक्रिया वाहनों में शिमला जिले को सबसे अधिक नौ और कांगड़ा को आठ वाहन मिले हैं। मंडी और सोलन को पांच-पांच वाहन भेजे गए हैं। हमीरपुर, ऊना, चंबा और लाहौल-स्पीति को तीन-तीन वाहन दिए गए हैं। सिरमौर, बिलासपुर और कुल्लू को दो-दो वाहन मिले हैं, जबकि किन्नौर जिले को एक नया अग्निशमन वाहन उपलब्ध करवाया गया है।
आधुनिकीकरण के लिए 65.33 करोड़ रुपये स्वीकृत
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 65.33 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। वर्ष 2024-25 में भी 9.60 करोड़ रुपये खर्च कर 22 अग्निशमन वाहन खरीदे गए थे और उन्हें संबंधित इकाइयों को उपलब्ध करवाया गया था। विभाग को आधुनिक तकनीक, अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित कर्मचारियों से लैस करने पर भी काम किया जा रहा है।
प्रदेश सरकार का प्रयास सभी क्षेत्रों में आधुनिक अग्निशमन और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध करवाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में आवश्यकता के अनुसार अग्निशमन केंद्रों, चौकियों, वाहनों और मानव संसाधन का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही 37 अन्य अग्निशमन वाहनों की खरीद प्रक्रिया जारी है, जिससे विभिन्न जिलों की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत किया जा सकेगा।