हिमाचल कांग्रेस की 25-26 सितंबर को अहम बैठकें, गैरहाजिर पदाधिकारियों पर होगी कार्रवाई
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 25 और 26 सितंबर को शिमला स्थित राजीव भवन में संगठनात्मक बैठकें बुलाई हैं। इनमें पार्टी पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के कामकाज की समीक्षा के साथ बैठकों में उनकी उपस्थिति का आकलन किया जाएगा। लगातार अनुपस्थित रहने वालों से जवाब मांगा जाएगा, जबकि निर्धारित बैठक में गैरहाजिर पाए जाने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
शिमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि 25 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की आवश्यक बैठक होगी। इसके बाद 26 सितंबर को पार्टी के अग्रणी संगठनों और विभागों के राज्य प्रमुखों के साथ बैठक निर्धारित की गई है। दोनों बैठकों में संगठन से जुड़े मुद्दों और अब तक किए गए कार्यों पर चर्चा की जाएगी।
इन बैठकों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। उनके साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान और विधित चौधरी भी मौजूद रहेंगे। बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों तथा जिला अध्यक्षों को सौंपे गए दायित्वों और उनके कामकाज की समीक्षा की जाएगी।
दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, संगठन से जुड़े कार्यों में पदाधिकारियों की उपस्थिति और अनुपस्थिति का भी आकलन होगा। जो पदाधिकारी लगातार प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला या ब्लॉक स्तर की बैठकों से अनुपस्थित रहे हैं, उनसे इसका जवाब मांगा जाएगा। समीक्षा के दौरान संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन और बैठकों में भागीदारी को भी ध्यान में रखा जाएगा।
संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने सभी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, अग्रणी संगठनों और विभागों के राज्य प्रमुखों को सौंपे गए प्रभार तथा किए गए कार्यों से संबंधित पूरे दस्तावेज लेकर आने को कहा है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को संगठनात्मक विषयों पर पूरी तैयारी के साथ बैठक में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अनुपस्थित पाए जाने वाले पदाधिकारी के खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।