Loading...

कांग्रेस के अग्रणी संगठनों को रजनी पाटिल के निर्देश, संगठन विस्तार और समन्वय पर दिया जोर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने शिमला में पार्टी के अग्रणी संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन विस्तार, कार्यकारिणी गठन और आपसी समन्वय पर जोर दिया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कनेक्ट सेंटर का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया।

शिमला

अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की हिमाचल प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने रविवार को शिमला स्थित राजीव भवन में पार्टी के विभिन्न अग्रणी संगठनों एवं विभागों के राज्य पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। बैठक में महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, अनुसूचित जाति कांग्रेस तथा अल्पसंख्यक विभाग सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यप्रणाली, कार्यकारिणी गठन और भविष्य की रणनीति से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

संगठन विस्तार और कार्यकारिणी गठन पर दिया जोर

रजनी पाटिल ने कहा कि पार्टी के अग्रणी संगठनों और विभागों की संगठनात्मक भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संगठनों की कार्यकारिणी का गठन शीघ्र पूरा किया जाए तथा संगठन सृजन अभियान के तहत नए कार्यकर्ताओं को भी जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी में ऐसे सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जो संगठनात्मक गतिविधियों के लिए पर्याप्त समय दे सकें और निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।

समन्वय और नियमित बैठकों पर बल

बैठक के दौरान रजनी पाटिल ने कहा कि सभी अग्रणी संगठनों और विभागों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक स्तर पर तैयारी अभी से शुरू की जानी चाहिए। इसके लिए सभी संगठनों के पदाधिकारियों की प्रत्येक माह निर्धारित तिथि पर नियमित बैठक आयोजित करने और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया।

कनेक्ट सेंटर का किया शुभारंभ

बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कनेक्ट सेंटर का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। रजनी पाटिल ने सेंटर का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह व्यवस्था पार्टी की गतिविधियों के समन्वय और कार्यक्रमों की निगरानी में सहायक होगी। कार्यक्रम में विनय कुमार, चेतन चौहान, विदित चौधरी, विनोद ज़िंटा, यशवंत छाजटा, अमित नंदा, प्रदीप सूर्या, एस. के. सहगल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।