Loading...

मुख्यमंत्री ने नियामक उत्कृष्टता, उद्योग सुविधा एवं निर्यात संवर्धन के लिए सम्मान प्राप्त होने पर डीसीए को बधाई दी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन को नियामक उत्कृष्टता, उद्योग सुविधा और निर्यात संवर्धन के लिए फार्मास्यूटिकल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया ने अप्रीशीऐशन अवार्ड प्रदान किया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि पर विभाग को बधाई दी। यह पुरस्कार भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तत्वावधान में नई दिल्ली में सोमवार को आयोजित आईपीएचईएक्स-2026 के दौरान दिया गया।

हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान मजबूत नियामक व्यवस्था स्थापित करने, कारोबार में सुगमता बढ़ाने और प्रदेश में गुणवत्तापरक तथा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी फार्मास्यूटिकल इकोसिस्टम विकसित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने फार्मास्यूटिकल कारोबार में नैतिक मूल्यों से समझौता करने वालों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई है। इससे औषधि क्षेत्र में गुणवत्ता और नियामक मानकों को प्राथमिकता देने का संदेश मिलता है।

फार्मास्यूटिकल हब के रूप में स्थिति मजबूत

मुख्यमंत्री के अनुसार, यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश की नियामक उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस सम्मान से देश और वैश्विक बाजारों की आवश्यकताओं को पूरा करने वाले विश्वसनीय फार्मास्यूटिकल हब के रूप में प्रदेश की स्थिति और मजबूत हुई है। उन्होंने ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए विभाग को सम्मान प्राप्त होने पर शुभकामनाएं दीं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने प्रभावी औषधि नियमन सुनिश्चित करने के साथ फार्मास्यूटिकल उद्योग के विकास को सुविधाजनक बनाने में विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार ने इस उपलब्धि को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक समर्पण, प्रतिबद्धता और व्यावसायिक दक्षता को समर्पित किया।

Related Topics: