Loading...

Himachal Government: बिलासपुर की हर पंचायत में लगेगा ऑटोमेटिक रेन गेज, ब्लॉक स्तर पर वेदर स्टेशन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 52 Mins Ago • 1 Min Read

Himachal Government: बिलासपुर जिले में स्थानीय स्तर पर मौसम के सटीक और वास्तविक समय के आंकड़े जुटाने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में ऑटोमेटिक रेन गेज और प्रत्येक ब्लॉक में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। सरकार के इस निर्णय को लागू करने के लिए जिला मुख्यालय के बचत भवन में कृषि विभाग की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त राहुल कुमार ने की। बैठक में उपकरणों की स्थापना के साथ डिजिटल कृषि अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बिलासपुर/बिलासपुर

उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि ऑटोमेटिक रेन गेज और वेदर स्टेशन लगने से पंचायत तथा ब्लॉक स्तर पर वर्षा सहित अन्य मौसम मानकों के सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे। इससे जिले में मौसम संबंधी सूचनाओं के वैज्ञानिक और व्यवस्थित संग्रह की व्यवस्था मजबूत होगी। स्थानीय आंकड़ों के आधार पर किसानों को मौसम के अनुरूप अधिक सटीक कृषि सलाह देने में भी सहायता मिलेगी। विंड्स के तहत इन उपकरणों का नेटवर्क मौसम आंकड़ों के संग्रह, विश्लेषण और उपयोग को बेहतर बनाएगा।

फसल बीमा दावों के सत्यापन में मिलेगी मदद

बैठक में बताया गया कि उपकरणों से मिलने वाले आधिकारिक आंकड़े फसल बीमा योजना के तहत नुकसान के आकलन और बीमा दावों के सत्यापन में महत्वपूर्ण आधार बनेंगे। स्थानीय स्तर पर मौसम का प्रमाणित रिकॉर्ड उपलब्ध होने से फसल बीमा दावों की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्र किसानों को दावों के निपटारे में सुविधा मिलेगी। उपायुक्त ने कृषि विभाग, संबंधित विभागों, खंड विकास अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को स्थापना कार्य के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को ऑटोमेटिक रेन गेज और वेदर स्टेशन लगाने के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने तथा जरूरी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने को कहा गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि सरकार के निर्णय का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके। बैठक में स्थापना से जुड़ी तैयारियों और विभागीय जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य समय पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

डिजिटल कृषि अभियान की प्रगति की समीक्षा

उपायुक्त ने जिले में चल रहे डिजिटल कृषि अभियान के तहत सभी किसानों का पंजीकरण, किसान पहचान पत्र बनाने और डिजिटल फसल सर्वेक्षण से जुड़े कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने जिला राजस्व अधिकारियों को पटवारियों के माध्यम से लंबित आंकड़े जल्द अद्यतन करवाने के निर्देश जारी करने को कहा। इसके साथ ही लोक मित्र केंद्रों को सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर किसानों के पहचान पत्र बनाने के निर्देश देने को कहा गया। बैठक में कृषि विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।