Himachal Government : देहरा में 46 करोड़ से बनेगा प्रदेश का पहला ओजोन आधारित पेयजल प्रोजेक्ट
Himachal Government : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र में 46 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला ओजोन आधारित पेयजल उपचार प्रोजेक्ट स्थापित करने की घोषणा की है। उन्होंने बद्दल थोर में पशु चिकित्सा अस्पताल खोलने का भी ऐलान किया।
देहरा
बद्दल थोर में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओजोन आधारित पेयजल उपचार प्रोजेक्ट का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाना है। राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए 46 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि दूषित पानी के सेवन से कई बीमारियां हो सकती हैं, इसलिए सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता आवश्यक है। भविष्य में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बद्दल थोर में पशु चिकित्सा अस्पताल खुलने से क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाएं मजबूत होंगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत लाभ उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और पंचायतों में सर्वेक्षण किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति को भी राज्य के संसाधनों में उसका उचित हिस्सा मिले।
वन संरक्षण और शिक्षा पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवक और महिला मंडलों को पौधरोपण तथा वनों के संरक्षण से जोड़ने के लिए राजीव गांधी वन संवर्धन योजना शुरू की गई है। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों को 1.20 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने के साथ पौधों के जीवित रहने से जुड़े प्रोत्साहन भी दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए प्रदेश में सीबीएसई स्कूल खोले गए हैं और आने वाले समय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए ऐसे और स्कूल स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी और विभिन्न विकास कार्यों पर पर्याप्त राशि खर्च की जा रही है। इससे पहले बद्दल थोर हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। स्थानीय विधायक कमलेश ठाकुर और अन्य कांग्रेस प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। बाद में मुख्यमंत्री ने चनौर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
