Himachal Government: जंगी पंचायत में सब्जी मंडी का शिलान्यास, कोल्ड स्टोर और ग्रेडिंग हाउस भी बनेंगे
Himachal Government: राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर के पूह उपमंडल की जंगी ग्राम पंचायत के रेता खान में सब्जी मंडी का शिलान्यास किया। उन्होंने जंगी क्षेत्र में कोल्ड स्टोर और एचपीएमसी का पैकिंग एवं ग्रेडिंग हाउस स्थापित करने की बात भी कही। इसके बाद मंत्री ने चार दिवसीय पूह ग्रीष्म उत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

किन्नौर/पूह
जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है और लोगों के घर-द्वार के नजदीक मार्केट यार्ड स्थापित कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि टापरी मार्केट यार्ड का विस्तार भी शीघ्र किया जाएगा, जिससे छोटे और सीमांत किसानों तथा बागवानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा।
पूह ग्रीष्म उत्सव के समापन समारोह में की शिरकत
बागवानी मंत्री ने पूह ग्रीष्म उत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सांस्कृतिक आयोजन किन्नौर की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से युवा वर्ग को अपनी प्राचीन संस्कृति पर गर्व करने और उसे संजोकर रखने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने मेला आयोजन समिति को तीन लाख रुपये और सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले बच्चों को 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की।

पूह स्कूल में शुरू होंगे विज्ञान और वाणिज्य संकाय
जगत सिंह नेगी ने बताया कि जिले के सरकारी स्कूलों का आधारभूत ढांचा मजबूत किया जा रहा है। निचार, भावानगर, सांगला, कानम और रिकांग पिओ के सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न पर शिक्षा दी जा रही है तथा पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पूह को अगले शैक्षणिक सत्र में सीबीएसई पैटर्न से जोड़ा जाएगा और विद्यालय में विज्ञान तथा वाणिज्य संकाय शुरू किए जाएंगे।
जनजातीय विकास मंत्री ने कहा कि पूह उपमंडल में पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से सुदृढ़ किया जाएगा। इससे पहले मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविन्द्र सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में एपीएमसी शिमला-किन्नौर, किनफेड, जनजातीय सलाहकार समिति और विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
