Loading...

Himachal Government: तीसा को 27.54 करोड़ की पेयजल और विकास योजनाओं की सौगात

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 48 Mins Ago • 1 Min Read

Himachal Government: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चंबा जिले के तीसा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की 27.54 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इनमें गुनू-घराट से पुखरोटू उठाऊ पेयजल योजना, ग्राम पंचायत लेसुई में पेयजल योजनाओं के पुनर्निर्माण एवं संवर्धन कार्य और भंजराड़ू में जल शक्ति मंडल तीसा का नया कार्यालय भवन शामिल है। इन योजनाओं से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलने की बात कही गई है।

चंबा

उप मुख्यमंत्री ने सगुआं में 25.14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गुनू-घराट से पुखरोटू उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इस योजना से ग्राम पंचायत मसरूंड, हमल, डुलहर, पुखरी, कंदला, झुलाड़ा, निहुई, टिकरी और प्राहवी की नौ पंचायतों के 26 गांव लाभान्वित होंगे। योजना के माध्यम से करीब 16,333 लोगों को बेहतर और नियमित पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे तीसा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Himachal Government: तीसा को 27.54 करोड़ की पेयजल और विकास योजनाओं की सौगात

मुकेश अग्निहोत्री ने ग्राम पंचायत लेसुई में 1.32 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न पेयजल योजनाओं के पुनर्निर्माण और संवर्धन कार्यों का भी उद्घाटन किया। इन कार्यों से पंचायत के विभिन्न गांवों की करीब 3,000 आबादी को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी। पुरानी योजनाओं के पुनर्निर्माण और क्षमता बढ़ाने से स्थानीय स्तर पर पेयजल आपूर्ति को अधिक व्यवस्थित बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

भंजराड़ू में नए कार्यालय भवन का लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री ने भंजराड़ू में 1.08 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जल शक्ति मंडल तीसा के नए कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन से विभागीय कार्यों के बेहतर संचालन में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र के लोगों को जल शक्ति विभाग से संबंधित कार्य करवाने और विभागीय सेवाएं प्राप्त करने के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होने की बात कही गई है।

Himachal Government: तीसा को 27.54 करोड़ की पेयजल और विकास योजनाओं की सौगात

सगुआं में जनसभा को संबोधित करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पेयजल ढांचे को मजबूत करने के साथ पुरानी योजनाओं के पुनर्निर्माण और संवर्धन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। चंबा जैसे दुर्गम एवं पहाड़ी क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि दूरदराज के गांवों तक बेहतर सुविधाएं पहुंच सकें।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री आशा कुमारी, विधायक नीरज नैय्यर और डॉ. हंसराज, पूर्व विधायक सुरेंद्र भारद्वाज, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव यशवंत सिंह खन्ना, अमित भरमौरी और धर्मेंद्र धामी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महिंद्र पाल तथा महासचिव रमेश ठाकुर उपस्थित रहे। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, एसपी विजय सकलानी, जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता राजेश मोंगरा और एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।