Loading...

Himachal Government: जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश, पटवारखानों-पंचायत घरों की होगी समीक्षा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 45 Mins Ago • 1 Min Read

Himachal Government: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना में अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों द्वारा उठाए गए मामलों पर प्राथमिकता से कार्रवाई हो। बैठक में पटवारखानों, पंचायत घरों, बस रूटों, रामपुर-संतोषगढ़ पुल, स्ट्रीट लाइट, लता मंगेशकर कला केंद्र और ऊना अस्पताल से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

जिला परिषद सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों से जुड़े मामलों के निवारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने समिति सदस्यों द्वारा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दों, विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को लेकर उठाए गए मामलों को सुना तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पटवारखानों और पंचायत घरों की विशेष समीक्षा

उपमुख्यमंत्री ने उपायुक्त को जिले में पटवारखानों और नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों के निर्माण से संबंधित मामलों की विशेष समीक्षा के लिए बैठक करने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारखानों के लिए एक समेकित प्रस्ताव तैयार करने को कहा, जिसमें भवन निर्माण वाले स्थानों और नए पटवारखाने खोलने के प्रस्तावों का पूरा विवरण शामिल हो। पंचायत घरों के भूमि संबंधी मामलों में उपलब्धता, हस्तांतरण या अन्य प्रशासनिक पेचीदगियों का संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर समाधान करने को कहा गया।

पंचायतों में प्रधान की भूमिका पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचित प्रधान के अधिकारों का सम्मान किया जाना आवश्यक है। किसी अन्य व्यक्ति का निर्वाचित प्रधान के अधिकारों में हस्तक्षेप उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी पंचायत में महिला प्रधान निर्वाचित हैं तो किसी अन्य व्यक्ति द्वारा स्वयं को प्रधान मानकर पंचायत के कार्यों में दखल नहीं दिया जाना चाहिए। प्रधान महिला हो या पुरुष, पंचायत व्यवस्था में उसकी भूमिका और अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित होना चाहिए।

जरूरत और व्यवहारिकता के आधार पर नए बस रूट

बस रूटों से जुड़ी मांगों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वास्तविक आवश्यकता वाले क्षेत्रों में बस सेवा उपलब्ध करवाने के लिए सरकार तैयार है। नए रूट शुरू करने से पहले उनकी फिजिबिलिटी और पर्याप्त सवारियों की उपलब्धता का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि सेवा व्यवहारिक और टिकाऊ बनी रहे। उन्होंने एम्स बिलासपुर और श्री चिंतपूर्णी के लिए शुरू की गई बस सेवा के सफल संचालन पर प्रसन्नता जताई तथा नए रूटों के सुझावों का विभागीय स्तर पर परीक्षण करने के निर्देश दिए।

रामपुर-संतोषगढ़ पुल के निर्माण से जुड़े विषय पर उपमुख्यमंत्री ने बताया कि आवश्यक धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने नगर निगम ऊना के अधिकारियों को ऊना-हमीरपुर मार्ग पर बाबा बाल जी महाराज आश्रम के गेट तक श्री कृष्ण जन्माष्टमी से पहले स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

कला केंद्र के लिए आत्मनिर्भर संचालन मॉडल पर विचार

लता मंगेशकर कला केंद्र के रखरखाव और संचालन पर उपमुख्यमंत्री ने इसे आत्मनिर्भर मॉडल पर चलाने की संभावनाएं तलाशने को कहा। उन्होंने वर्षभर बुकिंग सुनिश्चित करने और संचालन किसी उपयुक्त संस्था या एजेंसी को सौंपने सहित विभिन्न विकल्पों पर विचार करने की बात कही। उनका कहना था कि इससे केंद्र का बेहतर रखरखाव किया जा सकेगा और इसका संचालन टिकाऊ तरीके से हो पाएगा।

ऊना अस्पताल में उपचार व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने ऊना अस्पताल में सुविधाएं मजबूत करने, परिसर की बाउंड्री वॉल और चिकित्सकों के अवकाश के दौरान मरीजों की देखभाल से जुड़े मुद्दे उठाए। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसी चिकित्सक के अवकाश पर होने से मरीजों की देखभाल और उपचार व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्माणाधीन नए भवनों और उपलब्ध सुविधाओं को देखते हुए मरीजों के लिए पर्याप्त बिस्तरों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी जोर दिया।

बैठक में उपायुक्त जतिन लाल ने जिला प्रशासन की ओर से जन शिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी निवारण की प्रतिबद्धता दोहराई। अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने कार्यवाही का संचालन किया। विधायक विवेक शर्मा और समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने सुझाव रखे। बैठक में रणजीत राणा, देशराज गौतम, अखिल अग्निहोत्री, अशोक ठाकुर, संदीप अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, नगर निगम आयुक्त पृथ्वी पाल सिंह, सहायक आयुक्त विनय मोदी, सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।