हिमाचल हाईकोर्ट में 19 से 25 अक्तूबर तक अवकाश, जरूरी मामलों के लिए दो विशेष पीठ गठित
दशहरे के अवकाश के कारण हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट 19 से 25 अक्तूबर तक बंद रहेगा। इस अवधि में गंभीर और अति आवश्यक मामलों की सुनवाई के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मुख्य न्यायाधीश के आदेश पर 19 और 23 अक्तूबर को अलग-अलग विशेष सिंगल बेंच केवल बेहद जरूरी मामलों पर सुनवाई करेंगी।
शिमला
हाईकोर्ट की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार 19 अक्तूबर को न्यायाधीश चिराग भानु सिंह और 23 अक्तूबर को न्यायाधीश भूपेश शर्मा अति आवश्यक मामलों की सुनवाई करेंगे। विशेष पीठ के समक्ष मामला सूचीबद्ध कराने के लिए आवेदक को उसकी तात्कालिकता और गंभीरता के कारण स्पष्ट करने होंगे। संबंधित न्यायाधीश के संतुष्ट होने के बाद ही मामला सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।
अवकाश के दौरान विशेष पीठ के समक्ष सुनवाई के लिए लाए जाने वाले मामलों को निर्धारित तारीख से कम से कम एक दिन पहले दाखिल करना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था छुट्टियों के बीच गंभीर और बेहद जरूरी न्यायिक मामलों की सुनवाई जारी रखने के उद्देश्य से की गई है। सामान्य न्यायिक कामकाज अवकाश की निर्धारित अवधि के दौरान बंद रहेगा।