“कानून व्यवस्था ध्वस्त, माफिया राज हावी—सुखू सरकार हर मोर्चे पर विफल” : बिंदल
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
ऊना में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर कानून व्यवस्था और माफिया राज को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध और नशे की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। साथ ही उन्होंने बल्क ड्रग पार्क को लेकर केंद्र की योजना का श्रेय लेने के आरोप भी लगाए।
ऊना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने ऊना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।डॉ. बिंदल ने सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस बर्बरता से इस वारदात को अंजाम दिया गया, वह हिमाचल की संस्कृति के विपरीत है और यह सरकार की विफलता को उजागर करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे का जाल लगातार फैल रहा है, जबकि सरकार केवल दावे कर रही है। “एक ओर नशे के खिलाफ अभियान की बात होती है, दूसरी ओर नशे में धुत युवक दिनदहाड़े हत्या कर देता है—यह सच्चाई है,” उन्होंने कहा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2022 के बाद से अपराधों में लगातार वृद्धि हुई है। चंबा, मंडी सहित कई क्षेत्रों में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का डर खत्म हो चुका है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि चिट्टा माफिया, खनन माफिया, वन माफिया, कबाड़ माफिया और ट्रांसफर माफिया पूरी तरह सक्रिय हैं और सरकार इनके सामने बेबस नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि “आज न बेटियां सुरक्षित हैं और न ही आम नागरिक।”सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्री और शीर्ष अधिकारी आपसी खींचतान में उलझे हुए हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।औद्योगिक विकास को लेकर उन्होंने कहा कि ऊना में बन रहा बल्क ड्रग पार्क केंद्र की मोदी सरकार की देन है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने इस परियोजना को तीन साल तक लटकाए रखा और अब इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा दिए गए औद्योगिक पैकेज से हिमाचल में उद्योगों का विस्तार हुआ था और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को वैश्विक फार्मा हब बनाने की दिशा में काम हो रहा है।कांग्रेस पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह संगठित है, जबकि कांग्रेस अपनी आंतरिक कलह को छिपाने के लिए बेबुनियाद बयान दे रही है।अंत में डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह विफल रही है और प्रदेश में माफिया राज स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि जनता समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।