Loading...

Yoga Day / हिमाचल में 100 दिन के निःशुल्क ऑनलाइन योग सत्र शुरू, 27 मई को विश्व रिकॉर्ड प्रयास

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 43 Mins Ago • 1 Min Read

Yoga Day : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों के तहत आयुष मंत्रालय द्वारा देशभर में 100 दिन के निःशुल्क ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश आयुष विभाग ने लोगों से इन सत्रों से जुड़कर नियमित योग अभ्यास में भाग लेने का आग्रह किया है।

शिमला

100 दिन के निःशुल्क ऑनलाइन योग सत्र आयोजित

आयुष विभाग के सचिव ने जानकारी देते हुए बताया कि 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा देशभर में स्वास्थ्य और योग गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 100 दिन के निःशुल्क लाइव ऑनलाइन योग सत्र शुरू किए गए हैं। इन सत्रों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग गतिविधियों से जोड़ना और नियमित योग अभ्यास के प्रति जागरूक करना है।

27 मई को विश्व रिकॉर्ड प्रयास की तैयारी

विभाग के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों के तहत 27 मई 2026 को बड़े स्तर पर ऑनलाइन योग कार्यक्रम आयोजित कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए देशभर के प्रतिभागियों को ऑनलाइन माध्यम से जोड़ा जा रहा है। विभाग का कहना है कि इस पहल के माध्यम से व्यापक स्तर पर योग अभ्यास को प्रोत्साहित किया जाएगा।

14 दिवसीय योग कार्यक्रमों में कर सकते हैं नामांकन

सचिव ने बताया कि मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान ने हैबिल्ड हेल्थ टेक प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर किया है। इसके तहत 100 दिन तक मुफ्त ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रतिभागी 14 दिवसीय संरचित योग कार्यक्रमों के विभिन्न मॉड्यूल में नामांकन कर सकते हैं। इन योग सत्रों का प्रसारण आयुष मंत्रालय के यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया जाएगा।

लोगों से योग सत्र से जुड़ने का आग्रह

आयुष विभाग ने प्रदेश के लोगों से इस ऑनलाइन योग अभियान से जुड़ने और नियमित रूप से भाग लेने की अपील की है। विभाग के अनुसार इच्छुक प्रतिभागी योग सत्रों से जुड़ने और पंजीकरण संबंधी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 18003157008 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Related Topics: