प्रदेश में पंचायती राज चुनाव में वोटिंग का जोश, सुबह 11 बजे तक 40.58 प्रतिशत मतदान
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण में मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह 11 बजे तक प्रदेश में 40.58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि सिरमौर के संगड़ाह और कमरऊ क्षेत्र सबसे आगे रहे। महिला मतदाताओं की भागीदारी भी पुरुषों से अधिक दर्ज की गई है।
सिरमौर
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण के लिए मतदान के दौरान लोकतंत्र का उत्सव पूरे उत्साह के साथ दिखाई दे रहा है। सुबह के शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही, लेकिन धूप निकलते ही प्रदेशभर के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। राज्य निर्वाचन आयोग से सुबह 11 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 40.58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका है।
प्रदेश के 12 जिलों की 1,293 पंचायतों और 7,729 वार्डों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। शुरुआती रुझानों में कई जिलों में मतदाताओं का उत्साह उम्मीद से अधिक दिखाई दिया है। सबसे ज्यादा मतदान ऊना में 43.92 प्रतिशत, सोलन में 43.88 प्रतिशत और सिरमौर में 43.69 प्रतिशत दर्ज किया गया है। वहीं चंबा जिला अभी भी मतदान प्रतिशत के मामले में सबसे पीछे चल रहा है।
जिला सिरमौर में भी मतदाताओं का उत्साह देखने लायक रहा। जिले की 94 पंचायतों के 588 वार्डों में सुबह से मतदान जारी है और सुबह 11 बजे तक कुल 57,918 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। विकास खंड स्तर पर संगड़ाह और कमरऊ क्षेत्र सबसे आगे निकलते दिखाई दिए हैं। कमरऊ स्थित तिलोरधार में 53.15 प्रतिशत और संगड़ाह में 50.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो जिले में सबसे अधिक रहा।
जिले के अन्य विकास खंडों में भी मतदान की रफ्तार तेज रही। नाहन में 42.03 प्रतिशत, पांवटा साहिब में 39.60 प्रतिशत, राजगढ़ में 41.34 प्रतिशत, पच्छाद में 42.27 प्रतिशत, शिलाई में 43.94 प्रतिशत तथा ददाहू में 43.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।इस बार चुनाव में महिला मतदाताओं ने भी अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज करवाई है। प्रदेश स्तर पर सुबह 11 बजे तक पुरुषों की तुलना में महिलाओं का मतदान प्रतिशत अधिक रहा। जहां पुरुषों का मतदान प्रतिशत 37.90 प्रतिशत दर्ज किया गया, वहीं महिलाओं ने 43.32 प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई है।
राज्य निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शांतिपूर्ण माहौल में मतदान प्रक्रिया जारी है और दोपहर बाद मतदान प्रतिशत में और अधिक तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।