Loading...

हिमाचल पुलिस के ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ बैंड के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार निलंबित, विभागीय जांच शुरू

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 59 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश पुलिस के चर्चित बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार को विभागीय कार्रवाई के तहत निलंबित कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी करते हुए मामले की जांच पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को सौंपी है। जांच रिपोर्ट तीन महीने के भीतर पुलिस मुख्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

शिमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विभागीय कार्रवाई सोशल मीडिया पर निजी संगीत सामग्री के प्रकाशन और उससे कथित आर्थिक लाभ प्राप्त होने के आरोपों से जुड़ी है। पुलिस मुख्यालय ने इससे पहले इंस्पेक्टर विजय कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर यह स्पष्ट करने को कहा था कि निजी संगीत एल्बम तैयार करने, प्रकाशित करने और उसके प्रचार-प्रसार के लिए क्या उन्होंने विभाग से पूर्व अनुमति प्राप्त की थी। मामले में सोशल मीडिया से कथित आय की भी जांच की जा रही है।

डीएसपी कमल किशोर करेंगे विभागीय जांच

पुलिस मुख्यालय ने मामले की विस्तृत जांच के लिए पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच के दौरान विभागीय अनुमति की प्रक्रिया, सोशल मीडिया गतिविधियों तथा सरकारी सेवा नियमों के संभावित उल्लंघन से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। विभाग ने तीन माह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देशभर में पहचान बना चुका है ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ बैंड

वर्ष 1996 में स्थापित ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ हिमाचल प्रदेश पुलिस का प्रतिष्ठित सांस्कृतिक बैंड है। यह बैंड सरकारी समारोहों, सांस्कृतिक आयोजनों और विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुतियों के लिए देशभर में पहचान बना चुका है। विजय कुमार के नेतृत्व में बैंड राष्ट्रीय स्तर के रियलिटी शो तक पहुंचा और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज करा चुका है। वहीं सरकारी सेवा नियमों के अनुसार किसी भी कर्मचारी द्वारा विभागीय अनुमति के बिना निजी माध्यम से आर्थिक लाभ अर्जित करने के मामलों की जांच निर्धारित नियमों के तहत की जाती है।